मंगल भवन अमंगल हारी।
द्रवउ सो दसरथ अजिर बिहारी॥

भगवान श्रीराम की गाथा ‘रामायण’ को अधिकतर लोगों ने पढ़ा है, अगर नहीं तो टीवी स्क्रीन पर इसकी कहानी को जाना जरूर है। मगर अब ये पौराणिक महाकाव्य भव्य रूप में बड़े पर्दे पर देखने को मिलने वाली है। नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बस कुछ ही घंटे का इंतजार और इस महा गाथा का आगाज होगा।

रणबीर कपूर इस महाकाव्य फिल्म में भगवान राम की भूमिका में नजर आने वाले हैं। उन्होंने इस किरदार में खुद को ढालने के लिए खूब तैयारी की है। अभिनेता ने अपने इंटरव्यू में भी इसका जिक्र किया कि भगवान राम का किरदार निभाने के लिए की गई कड़ी तैयारी की। उन्होंने भगवान राम के विचारों और दर्शन को समझने के लिए काफी पढ़ाई की, विद्वानों से मुलाकात की, दो साल तक योग का अभ्यास किया और घंटों ध्यान लगाया। रणबीर का मानना था कि इस किरदार को निभाने के लिए सिर्फ शारीरिक बदलाव करना जरूरी नहीं था, बल्कि भगवान राम के व्यक्तित्व और उनके मूल स्वभाव को गहराई से समझना ज्यादा अहम था।

बॉलीवुड से साउथ के स्टार हैं ‘रामायण’ का हिस्सा

नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार स्टारकास्ट है। फिल्म में बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक के कई बड़े कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे।

फिल्म का बजट 4000 करोड़

‘रामायण’ सिर्फ अपनी कहानी और स्टारकास्ट को लेकर ही नहीं, बल्कि अपने बड़े बजट के लिए भी चर्चा में है। फिल्म को दो हिस्सों में बनाया गया है और दोनों पार्ट को कुल 4,000 करोड़ के बजट में तैयार किया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मेकर्स इतना बड़ा निवेश कहां कर रहे हैं?

यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर ने दिया हिंट, Ramayana की रिलीज से पहले हुई ‘रामायण 3’ लाने की प्लानिंग, क्या बोल गए एक्टर?

प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के मुताबिक, दोनों पार्ट को मिलाकर फिल्म का बजट 4000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। इसमें फिल्म की पूरी फ्रेंचाइजी में किया गया निवेश शामिल है। फिल्म को बनाने के अलावा ये पैसा मार्केटिंग, प्रमोशन और ग्लोबल रिलीज के लिए भी लगा है।

VFX पर हो रहा सबसे बड़ा काम

फिल्म का सबसे अहम हिस्सा इसका विजुअल इफेक्ट्स है। अयोध्या, लंका, पुष्पक विमान, वानर सेना और युद्ध के सीन को पर्दे पर उतारने के लिए भव्य स्तर पर VFX का इस्तेमाल किया गया है।

रावण और जटायु के युद्ध वाले सीन को तैयार करने में लगे साढ़े छह साल

फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी ने बताया कि रावण और जटायु के बीच युद्ध के एक सीन को पूरा करने में करीब साढ़े छह साल लगे। वहीं, पुष्पक विमान का डिजाइन तैयार करने में लगभग दो साल का समय लगा। इसे अंतिम रूप देने से पहले 40-50 डिजाइन तैयार किए गए थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

यह भी पढ़ें: Ramayana Advance Booking: रिलीज से पहले ‘रामायण’ ने दुनियाभर में छापे 115 करोड़, भारत से ज्यादा विदेशों में दिखा क्रेज

हॉलीवुड की कंपनी संभाल रही VFX

फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी DNEG के पास है। यह वही कंपनी है, जो ‘इंटरस्टेलर’, ‘ड्यून’ और ‘इनसेप्शन’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों के VFX पर काम कर चुकी है। इतने बड़े प्रोजेक्ट में अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी टीम को शामिल करना भी बजट का अहम हिस्सा है।

भव्य सेट और कॉस्ट्यूम पर खर्च

फिल्म में त्रेतायुग की दुनिया दिखाने के लिए अयोध्या के महल, लंका की भव्यता, जंगल, युद्धभूमि और दूसरी जगहों को तैयार किया गया है। इसके साथ ही भगवान राम, माता सीता, रावण और दूसरे किरदारों के लुक के लिए कॉस्ट्यूम और प्रोडक्शन डिजाइन पर भी खास काम किया गया है।

म्यूजिक पर भी खर्च हुई मोटी रकम

‘रामायण’ के संगीत को ऑस्कर विनर एआर रहमान और हॉलीवुड के ऑस्कर विनर म्यूजिशियन हैंस जिमर ने तैयार किया है। दोनों ने मिलकर फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर और संगीत पर काम किया है।

IMAX और दुनियाभर में रिलीज

मेकर्स ने फिल्म को सिर्फ भारतीय दर्शकों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पूरे 100 देशों तक पहुंचाने का फैसला किया। ये फिल्म भारत समेत कुल 100 देशों में रिलीज हो रही है और इसके लिए करीब 59,000 स्क्रीन्स रखी गई हैं। फिल्म भारत में 9,000 स्क्रीन्स और विदेशों में 50,000 स्क्रीन्स पर रिलीज हो रही है। फिल्म का अंग्रेजी वर्जन भी बनाया गया है। इसके लिए अलग एडिटिंग और स्क्रिप्ट पर काम किया गया है। IMAX जैसे प्रीमियम फॉर्मेट में रिलीज और दुनियाभर में प्रमोशन भी इस बड़े निवेश का हिस्सा हैं।

यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को मिली कानूनी सुरक्षा, पाइरेसी करने वालों पर कसेगा शिकंजा

दूसरे पार्ट के लिए करना होगा लंबा इंतजार

पहला पार्ट ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ 5 नवंबर, 2026 को रिलीज हो रहा है। वहीं इसका दूसरा पार्ट पहले 2027 में रिलीज होने वाला था, अब उसके 2028 में रिलीज होने की खबर सामने आई है।

अंग्रेजी वर्जन के लिए दोबारा लिखी गई स्क्रिप्ट

रिलीज शेड्यूल में हुई इस देरी की पुष्टि करते हुए, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ​​ने ई! न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में बताया, “जब हमने पहले भाग की घोषणा की थी, तो हम इसे मुख्य रूप से एक ऐसी भारतीय फिल्म के तौर पर देख रहे थे जो दुनिया भर में पहुंचेगी। फिल्म के बनने की प्रक्रिया के दौरान, अब हम एक ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं जहां हमारे पास असल में दो मास्टर वर्ज़न मौजूद हैं।” उन्होंने बताया कि अंग्रेजी वर्जन तैयार करने के लिए एक अलग तरह की एडिटिंग की गई और हिंदी की मूल स्क्रिप्ट को फिर से लिखा गया, “ताकि इसे इसके असली रूप में पेश किया जा सके।”

‘रामायण’ की घोषणा, गानों और टीजर तक

आज से दो साल पहले 6 नवंबर 2024 में मेकर्स की ओर से फिल्म को लेकर बड़ी घोषणा की गई थी। तभी से ‘रामायण‘ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता शुरू हो गई थी। कभी फिल्म का अनाउंसमेंट वीडियो चर्चा में रहा, तो कभी रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक ने लोगों का ध्यान खींचा। फिल्म के टीजर, गानों और प्रमोशन के जरिए मेकर्स ने दर्शकों को इस फिल्म की झलकियां दिखाईं।

पहली झलक से हुआ आगाज

‘रामायण’ के मेकर्स ने 3 जुलाई 2025 को फिल्म की पहली झलक जारी की थी। इसमें ब्रह्रा, विष्णु, महेश की झलक दिखाई गई थी। इसके साथ ही फिल्म की भव्य दुनिया और राम-रावण के युद्ध की झलक दिखाई गई थी।

फिर रणबीर का राम अवतार सामने आया

अप्रैल, 2026 में मेकर्स ने ‘रामा अनवील्ड’ के नाम से रणबीर कपूर का पहला आधिकारिक लुक जारी किया। इसमें अभिनेता भगवान राम के रूप में नजर आए। उनके लुक को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई।

फिर हुआ पहला टीजर रिलीज

फिल्म का पहला टीजर 2 अप्रैल 2026 को जारी किया गया। इसमें राम के राज्याभिषेक से लेकर वनवास तक की झलक दिखाई गई। अंत में यश की रावण के रूप में झलक भी देखने को मिली। टीजर लॉन्च के दौरान निर्देशक नितेश तिवारी भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि इस पल तक पहुंचने में उन्हें सात साल लगे।

फिर दिल्ली से शुरू हुआ ग्लोबल प्रमोशन

मेकर्स ने दिल्ली में ‘प्रथम संकल्प’ नाम से प्रमोशनल इवेंट आयोजित किया। इसके बाद फिल्म को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में भी पेश किया गया, जहां अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए इसकी पहली झलक दिखाई गई।

30 जुलाई 2026 को आया आधिकारिक ट्रेलर

फिल्म का पहला आधिकारिक ट्रेलर पांच भारतीय भाषाओं में जारी किया गया। इसमें फिल्म की कहानी, किरदारों और विजुअल इफेक्ट्स की झलक देखने को मिली।

पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज

एआर रहमान के संगीत से सजे इस गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने आवाज दी। इसके बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने में राम-सीता के स्वयंवर और भगवान राम के शिव धनुष तोड़ने की झलक दिखाई गई। इसके बाद ‘रावण तांडव’, ‘रामा थीम’, ‘मंगल रंग’ और ‘जुड़ी जोड़ी’ रिलीज किया गया।

फिल्म को लेकर विवाद

फिल्म में किरदारों के लुक, गानों, म्यूजिक और किरदारों के कपड़ों और जेवर को लेकर भी विवाद हुआ। ‘श्री रामलीला महासंघ’ और विभिन्न हिंदू संगठनों ने फिल्म के निर्माताओं और निर्देशक को पत्र लिखकर फिल्म की रिलीज से पहले एक विशेष प्री-रिलीज़ स्क्रीनिंग दिखाने की मांग की थी। उनका कहना था कि ‘आदिपुरुष’ फिल्म की तरह इसमें भगवान राम, माता सीता या सनातन धर्म से जुड़े किसी भी प्रसंग या संवाद का गलत चित्रण नहीं होना चाहिए।

संगीत और सूफी-वैदिक फ्यूजन पर विवाद

सोशल मीडिया पर फिल्म के संगीत को लेकर भी बहस हुई। यूजर्स का तर्क है कि रामायण जैसी गाथा के लिए पारंपरिक वैदिक मंत्रों, पखावज, सारंगी और शास्त्रीय रागों की जरूरत है और कहा गया कि फिल्म का संगीत सूफी अंदाज का फ्यूजन लग रहा है।

VFX पर सवाल

फिल्म के VFX और विजुअल्स को लेकर सोशल मीडिया पर बहस हुई। कुछ लोगों ने कहा कि फिल्म भारतीय पौराणिक कहानियों जैसी दिखने के बजाय हॉलीवुड की फैंटेसी फिल्मों या वीडियो गेम जैसी लग रही है। वहीं, निर्माता नमित मल्होत्रा और यश का कहना है कि उनका मकसद भारतीय कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक बड़े स्तर पर पहुंचाना है।

कास्टिंग पर भी हुई बहस

रणबीर कपूर को भगवान राम और साई पल्लवी को माता सीता के किरदार में लेने के फैसले पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं। किसी ने कहा बीफ खाने वाले रणबीर कपूर को इस पवित्र किरदार के लिए क्यों चुना गया तो वहीं यश को रावण के किरदार में देख लोगों ने कहा कि उन्हें ‘केजीएफ’ वाले किरदार से बाहर आने की जरूरत है।

कॉपीराइट को लेकर कोर्ट पहुंचा मामला फिल्म के सीन और ट्रेलर इंटरनेट पर लीक न हों, इसके लिए मेकर्स ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। गॉडपावर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की याचिका पर कोर्ट ने फिल्म को कॉपीराइट सुरक्षा देते हुए अंतरिम आदेश जारी किया।

LA में हो चुका है प्रीमियर

27 अक्टूबर 2026 को ‘रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड’ का लॉस एंजिल्स में ग्रैंड वर्ल्ड प्रीमियर हुआ। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के साथ हॉलीवुड अभिनेत्री जेडा पिंकेट स्मिथ समेत कई जानी-मानी हस्तियां इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। इसके अलावा मुंबई में भी 3 नवंबर को फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग और रेड कार्पेट प्रीमियर आयोजित किया गया। सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर अच्छे रिव्यू मिल रहे हैं। फिल्म 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है और अब देखना होगा कि दर्शकों को बड़े पर्दे पर ‘रामायण’ कैसी लगने वाली है।