Ramayana Movie: फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशनल इवेंट में फिल्म के मुख्य किरदारों को यहां देखा गया। रणबीर कपूर से लेकर सनी देओल, यश समेत कई बड़ें सितारों ने इस इवेंट की शोभा बढ़ाई। फिल्म ‘रामायण’ में यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे और उन्होंने इस इवेंट में एक शानदार तरीके से एंट्री ली। स्टेज पर उन्होंने अपने किरदार और फिल्म के एक्सपीरियंस पर बात की।
यह भी पढ़ें- ‘राम भगवान हैं या इंसान?’, ‘रामायण’ की शूटिंग के दौरान रणबीर कपूर के सवाल पर कुमार विश्वास ने दिया सटीक जवाब
यहां एक्टर ने हिंदी में बात करने की कोशिश की लेकिन वो कोशिश गलत साबित हो गई। यश ने गलती से निर्माता नमित मल्होत्रा को धन्यवाद करते हुए ‘अवसर’ की जगह ‘अवकाश’ बोल दिया। जिसके बाद उनका ये वीडियो वायरल होने लगा।
यश ने फिल्म ‘रामायण’ के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि मैं इस शानदार फिल्म का हिस्सा बन पाया।’ एक्टर ने आगे कहा कि ‘यहां सब हिंदी में बात कर रहे थे, तो मैं भी कोशिश करूंगा।’ ये सुनते ही वहां मौजूद लोगों ने उनका हौसला बढ़ाया और इसके बाद एक्टर ने हिंदी में अपनी बात को जारी रखते हुए कहा- ‘इस मुकाम तक आने के लिए मैं इसका पूरा क्रेडिट नमित मल्होत्रा को देना चाहता हूं। उन्होंने मुझे इस पात्र निभाने का जो अवकाश दिया, उसके लिए उसे धन्यवाद कहता हूं। हिंदी सीखने का भी मौका मिला।’
एक्टर यश ये बोलने के बाद खुद भी हंस पड़े और वहां मौजूद लोग भी उनकी बात सुनकर खिलखिला उठे, जैसे एक्टर को अंदाजा हो गया हो कि शायद उनसे कोई गलती हो गई है। वहीं एक्ट्रेस रकुलप्रीत और रवि दुबे एक दूसरे को देखकर हंसते दिखाई दिए। यश का ये वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है और फैंस उनकी इस कोशिश पर अपने रिएक्शन दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें- सलमान खान की बदली हुई झलक देख घबराए फैंस, लेटेस्ट वीडियो देख बोले- ‘क्या उनकी तबीयत ठीक नहीं है?’
एक्टर ने यहां फिल्म ‘रामायण’ के बाकी किरदारों की तारीफ करते हुए कहा कि हमारा मकसद प्रभु श्री राम की कहानी को ग्लोबल स्तर तक पहुंचाना और अपने देश में उनका सम्मान करना है। तो नमित और मेकर्स को बहुत धन्यवाद जो उन्होंने फिल्म बनाने के लिए इतनी हिम्मत दिखाई और अपना इरादा पक्का रखा।
यश ने इस इवेंट में राम और सीता का किरदार निभा रहे एक्टर्स रणबीर कपूर और साई पल्लवी की भी तारीफ की, उन्होंने कहा कि दोनों ही एक्टर्स ने फिल्म में आंखो से भी शानदार एक्टिंग की है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश ने रावण की भूमिका निभाने के अलावा बतौर सह निर्माता भी काम किया है।
ये इवेंट फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर लॉन्च के लिए भी था, जिसे इवेंट में मौजूद लोगों के सामने रिवील किया गया लेकिन जनता से फोन इस्तेमाल ना करने की गुजारिश की गई। फिल्म ‘रामायण’ का ऑफिशियल ट्रेलर 24 जुलाई को देशभर में रिलीज किया जाएगा और फिल्म का पहला भाग इस सल दीवाली पर रिलीज होगा।
