रणबीर कपूर की ‘रामायण’ साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही है। बड़े बजट और शानदार स्टारकास्ट की वजह से दर्शकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। इसी बीच इसका एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि मेकर्स ने जानबूझकर वीडियो को वायरल किया है।

दरअसल मेकर्स ने अभी तक फिल्म का टीजर या ट्रेलर रिलीज नहीं किया है। इस साल उन्होंने सिर्फ भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की एक छोटी-सी झलक दिखाई थी। अब एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें रणबीर कपूर को श्रीराम के रूप में युद्ध करते हुए देखा जा सकता है।

लेकिन यह ग्लिम्प्स सोशल मीडिया पर लोगों को ज्यादा पसंद नहीं आया। कई यूजर्स ने इसके VFX को कमजोर बताया। खास बात यह थी कि फिल्म के VFX पर ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG काम कर रहा है, इसलिए लोगों की उम्मीदें काफी ज्यादा थीं जो अब टूटती नजर आ रही है।

कंटेंट क्रिएटर ध्रुव परिक्षित ने इस वीडियो के बारे में दावा किया है। उनका कहना है कि वो इस फिल्म के प्राइवेट इवेंट का हिस्सा थे और उन्होंने कहा कि जो वीडियो सामने आ रहा है वो पूरी तरह तैयार नहीं है। उन्होंने इवेंट में जो देखा वो अलग था।

यह भी पढ़ें: ‘इतनी नीच हरकत सोच भी नहीं सकते’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर भड़के ‘रामायण’ के ‘लक्ष्मण’, सुनील लहरी ने गुनहगारों के लिए मांगी कड़ी सजा

ध्रुव के मुताबिक, उन्होंने इवेंट में फिल्म के कुछ सीन देखे, जो उन्हें ‘अवतार’ जैसी क्वालिटी के लगे। उन्होंने कहा कि फिल्म की दुनिया, किरदारों का डिजाइन और VFX बेहद शानदार हैं। खासकर परशुराम, इंद्र और ऐरावत को देखकर वह काफी प्रभावित हुए।

ध्रुव ने यह भी दावा किया कि उनकी बात फिल्म के एक VFX आर्टिस्ट से हुई थी। उस आर्टिस्ट ने कथित तौर पर बताया कि मेकर्स के पास बेहतर VFX वाला वर्जन पहले से मौजूद था, लेकिन उन्होंने जानबूझकर अधूरा या कमजोर (Nerfed) वर्जन रिलीज किया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर बहस और आलोचना हो, जिससे फिल्म को मुफ्त में पब्लिसिटी मिल सके। हालांकि, ध्रुव ने बाद में अपना यह कमेंट डिलीट कर दिया, लेकिन उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ तोड़ सकती है ‘धुरंधर’ का 3300 करोड़ का रिकॉर्ड? एग्जीबिटर ने किया बड़ा दावा

वहीं, फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे अभिनेता और सह-निर्माता यश ने पहले ही साफ किया था कि फिल्म के VFX पर अभी भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि जो झलक दिखाई गई थी, वह फाइनल नहीं थी और रिलीज तक टीम इसे और बेहतर बनाने की कोशिश करेगी। उनका कहना है कि मेकर्स दर्शकों को बेहतरीन क्वालिटी की फिल्म देना चाहते हैं।

क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?

दरअसल जो अच्छी क्वालिटी का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, वो ना तो मेकर्स ने लीक किया है और ना ही किसी ने वायरल किया है। वो एआई से बनाया हुआ वीडियो है। सोशल मीडिया पर तमाम लोग इसे असली मान रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स को ये समझ आ गया है कि वीडियो एआई से बनाया गया है।