रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ 5 नवंबर को थिएटर में आने वाली है। फिल्म केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में 100 देशों में रिलीज होने वाली है। 20 अक्तूबर को ‘रामायण’ की एडवांस खोली गई थी और फिल्म के अब तक लगभग 2.97 लाख टिकट बिक चुके हैं। भारत से ज्यादा इसका बोलबाला विदेशों में हो रहा है।
जी हां! इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक नितेश तिवारी की इस फिल्म ने विदेशों में 2.5 मिलियन डॉलर से ज्यादा की एडवांस बुकिंग कर ली है। जबकि भारत में एडवांस बिक्री 15.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
विदेशों में ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग
फिल्म की बुकिंग के मामले में विदेशी बाजारों में नॉर्थ अमेरिका सबसे आगे है, जहां फिल्म ने 1.91 मिलियन डॉलर की एडवांस बुकिंग की है। इसके बाद यूके और आयरलैंड से 2,68,800 डॉलर और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड से 2,48,300 डॉलर की कमाई हुई है। जर्मनी में एडवांस बुकिंग से 86,400 डॉलर आए हैं, जबकि दूसरे देशों से फिल्म ने 62,800 डॉलर की एडवांस बिक्री की।
भारत में ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग
सैकनिल्क के मुताबिक ‘रामायण’ ने भारत में रिलीज से सात दिन पहले तक एडवांस बुकिंग से 15.56 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा 12.77 करोड़ रुपये है। फिल्म के करीब 2.97 लाख टिकट बिक चुके हैं। देशभर के 191 शहरों में इसके 6,382 शो चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: भारत में 9 हजार, विदेश में 50 हजार स्क्रीन्स, दुनियाभर में ‘रामायण’ मचाएगी धमाल
‘रामायण’ के हिंदी वर्जन के टिकट सबसे ज्यादा बिके हैं। इसने 13.06 करोड़ रुपये की कमाई की है, जो कुल एडवांस बुकिंग का करीब 84 फीसदी है। वहीं, कन्नड़ वर्जन से 2.04 करोड़ रुपये और तेलुगु वर्जन से 46.38 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है।
दिल्ली एनसीआर में सबसे ज्यादा बुक हुए टिकट
अगर बात भारत के शहरों की करें तो दिल्ली एनसीआर में फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 2.87 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं फिल्म ने बेंगलुरु में 2.45 करोड़ रुपये और मुंबई में 2.16 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग की है। हैदराबाद में फिल्म ने एडवांस बुकिंग में 83.14 लाख रुपये और पुणे में 64.03 लाख रुपये कमाये हैं।
यह भी पढ़ें: Ramayana First Reaction: कैसी है रणबीर कपूर, साईं पल्लवी की रामायण, विदेश में प्रीमियर के बाद सामने आए रिव्यूज
लॉस एंजिलिस में प्रीमियर, शो रहा हाउसफुल
27 अक्तूबर को लॉस एंजिलिस में ‘रामायण’ का प्रीमियर हुआ और वहां दर्शकों की तरफ से जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिला। सोशल मीडिया पर फिल्म की जमकर तारीफ हो रही है। लोगों को इसके वीएफएक्स, बैकग्राउंड म्यूजिक और किरदार काफी पसंद आ रहे हैं। वहां दर्शकों में फिल्म को लेकर बहुत अधिक उत्साह देखने को मिला। डेविड गेफेन थिएटर में फिल्म का प्रीमियर हुआ। इस थिएटर में 945 सीट्स हैं और पूरा थिएटर हाउसफुल था। वहां लोगों के बैठने के लिए जगह नहीं बची थी।
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस पौराणिक महाकाव्य में रणबीर कपूर के साथ यश, साई पल्लवी, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह और अरुण गोविल भी नजर आएंगे। ये फिल्म दो भागों में आने वाली है। इसका पहला पार्ट 5 नवंबर को रिलीज हो रहा है, जबकि इसका दूसरा पार्ट अगले साल दीवाली के मौके पर आएगा।
