रणबीर कपूर स्टारर पौराणिक महाकाव्य फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ की रिलीज को बस कुछ दिन बचे हैं। फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म एडवांस बुकिंग से करोड़ों की कमाई कर रही है।

फिल्म भारत में ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग में अभी तक 30 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। हालांकि, दुनियाभर में सभी रिलीज तारीखों के लिए हुई प्री-सेल्स को मिलाकर फिल्म 85 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंचती दिख रही है।

‘रामायण’ की ओपनिंग डे एडवांस बुकिंग का हाल
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, सोमवार 2 नवंबर सुबह 11 बजे तक फिल्म ने भारत में पहले दिन की एडवांस बुकिंग से 25.77 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया है। इस दौरान फिल्म के 14,970 शो के लिए करीब 5.97 लाख टिकटों की बिक्री हुई है। फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 18 फीसदी दर्ज की गई है।

Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अब तक सभी तारीखों की एडवांस बुकिंग से भारत में 46.41 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वहीं, ब्लॉक सीटों को हटा दें तो यह आंकड़ा 37.41 करोड़ रुपये है। 2 नवंबर सुबह 9 बजे तक फिल्म के करीब 11.12 लाख टिकट बिक चुके थे। इसके लिए देशभर में कुल 35,718 शो उपलब्ध हैं।

ओपनिंग डे के लिए सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग

फिल्म की कमाई में सबसे बड़ा योगदान ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग का है। रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार 5 नवंबर के लिए फिल्म ने अब तक 25.73 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स दर्ज की है। इसमें ब्लॉक सीटों की कमाई भी शामिल है। वहीं, ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा 21.65 करोड़ रुपये रह जाता है। यानी फिल्म की कुल घरेलू एडवांस बुकिंग में आधे से ज्यादा हिस्सेदारी पहले दिन की है।

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ के एक सीन को पूरा करने में लगे साढ़े 6 साल, निर्देशक ने बताई वजह, जानिए कौन-सा था सीन

एडवांस बुकिंग में सबसे आगे महाराष्ट्र

राज्यों के हिसाब से देखें तो महाराष्ट्र एडवांस बुकिंग के मामले में सबसे आगे चल रहा है। यहां से फिल्म ने अब तक 9.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, 7.22 करोड़ रुपये के साथ कर्नाटक दूसरे और 6.84 करोड़ रुपये के साथ दिल्ली तीसरे स्थान पर है। गुजरात 3.62 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग के साथ चौथे नंबर पर है।

हिंदी वर्जन में बिक रहे सबसे ज्यादा टिकट

‘रामायण’ की घरेलू एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन का दबदबा कायम है। हिंदी भाषा में फिल्म ने अब तक 39.06 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जो कुल कमाई का करीब 84 फीसदी है। वहीं, कन्नड़ वर्जन 4.45 करोड़ रुपये के साथ दूसरे नंबर पर है। तेलुगु वर्जन ने 2.38 करोड़ रुपये और तमिल वर्जन ने अब तक 42.57 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की है।

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ देखने के बाद यश का 7 साल का बेटा फूट-फूटकर रोया, वजह जानकर एक्टर रह गए हैरान

विदेशों में भी फिल्म का जलवा

भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी ‘रामायण’ को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सोमवार सुबह तक फिल्म ने विदेशों में एडवांस बुकिंग से 3.9 मिलियन डॉलर यानी करीब 36.95 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। इसमें अकेले अमेरिका में पेड प्रीव्यू के लिए हुई 1.5 मिलियन डॉलर (करीब 14.21 करोड़ रुपये) से ज्यादा की बुकिंग शामिल है।

इस तरह भारत और विदेशों की एडवांस बुकिंग मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 75 करोड़ रुपये पहुंच गया है। रिलीज से अभी तीन दिन बाकी हैं। ऐसे में फिल्म की एडवांस बुकिंग में और इजाफा होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि रिलीज से पहले ‘रामायण’ भारत में 50 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग का आंकड़ा पार कर पाती है या नहीं।