4000 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘रामायण’ के रिलीज होने में सिर्फ 5 दिन बचे हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग दशहरा पर शुरू की गई थी। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर क्रेज देखने मिल रहा है। फिल्म के एडवांस बुकिंग कलेक्शन के नंबर काफी शानदार हैं।

रिलीज से पहले ‘रामायण’ ने 17 करोड़ रुपये कमाई कर ली है। 27 अक्टूबर को अमेरिका के लॉस एंजिल्स में फिल्म ‘रामायण’ का वर्ल्ड प्रीमियर हुआ था, जिसके बाद फिल्म के एडवांस बुकिंग में उछाल देखा गया।

ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, अब तक फिल्म ‘रामायण’ ने प्री-सेल्स के चलते 17.13 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। अमेरिका में हुए वर्ल्ड प्रीमियर के बाद इसके कलेक्शन में 27 प्रतिशत का उछाल देखा गया। फिल्म से जुड़े जब पहले रिएक्शन सोशल मीडिया पर सामने आए तो फैंस की एक्साइटमेंट फिल्म के लिए बढ़ गई।

‘रामायण पार्ट वन’ के लिए नॉर्थ अमेरिका में एडवांस बुकिंग के मामले में अब तक की सबसे बड़ी छलांग देखी गई। 9 दिन पहले तक फिल्म की एडवांस टिकट बिक्री 6.31 लाख डॉलर से बढ़कर सीधा 8 लाख डॉलर हो गई। ये उछाल सिर्फ एक दिन में आया। फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान पूरे ऑडिटोरियम में काफी भीड़ देखी गई थी।

यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ के वर्ल्ड प्रीमियर पर अनुपम खेर का रिएक्शन, भारत में नहीं देखेंगे फिल्म, जटायु के किरदार को दी अपनी आवाज

फिल्म की यूके और आयरलैंड से 2,68,800 डॉलर और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड से 2,48,300 डॉलर की कमाई हुई है। जर्मनी में एडवांस बुकिंग से 86,400 डॉलर आए हैं, जबकि दूसरे देशों से फिल्म ने 62,800 डॉलर की एडवांस बिक्री की।

भारत में ‘रामायण’ के एडवांस कलेक्शन की स्थिति

भारत की बात करें तो फिल्म ने एडवांस कलेक्शन में 12.77 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इन आंकड़ों में ब्लॉक सीटों की बिक्री शामिल नहीं है। घरेलू बाजार में टिकट की बिक्री फिलहाल स्टेबल तरीके से चल रही है। फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ये सभी आंकड़े इस बात की तरफ भी इशारा करते हैं कि फिल्म अपने ओपनिंग डे पर अच्छा कलेक्शन कर सकती है।

अब तक कितने गाने हुए रिलीज

फिल्म ‘रामायण’ के अब तक चार गाने रिलीज हो चुके हैं। जिनमें से ‘मंगल रंग’ काफी चर्चा में है। दर्शकों ने इस गाने को कव्वाली जैसी धुन का बताकर काफी ट्रोल किया। करवाचौथ के मौके पर फिल्म का ‘जुड़ी जोड़ी’ गाना रिलीज किया गया, जिसमें राम-सीता का शुभ विवाह दिखाया गया। रणबीर कपूर के साथ साईं पल्लवी इस गाने में दिखाई दीं।

यह भी पढ़ें- Ramayana LA World Premiere: ‘रामायण’ में हुई AI से डबिंग? निर्देशक ने दी सफाई, एकेडमी म्यूजियम में हुई शानदार स्क्रीनिंग

59000 स्क्रीन पर होगी रामायण रिलीज

रामायण फिल्म को करीब 59000 स्क्रीन पर रिलीज किया जा रहा है। जिसमें से सिर्फ 9000 हजार स्क्रीन भारत की हैं बाकी विदेश में फिल्म के लिए काफी ज्यादा स्क्रीन्स तय की गईं हैं। फिल्म को करीब 100 देशों में रिलीज किया जा रहा है।