‘रामायणम्’ पार्ट 1 के टीजर के रिलीज होने के बाद फैंस के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देखने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर फिलहाल फर्स्ट लुक को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं और राय देखने को मिल रही हैं, साथ ही रणबीर के परफॉर्मेंस को लेकर उम्मीदें भी जताई जा रही हैं। फिल्म इंडस्ट्री में भी इसको लेकर काफी उत्साह है और कई सेलिब्रिटीज इस पर अपनी राय दे रहे हैं।

हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान, टीवी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभा चुके अरुण गोविल ने रणबीर को लेकर अपनी राय शेयर की। उन्होंने कहा, “जहां तक रणबीर की बात है, मेरा मानना है कि वह एक बेहतरीन अभिनेता हैं। वह बहुत मेहनत करते हैं। असल में वह बहुत ही संस्कारी बच्चे हैं, मैंने कई बार नोटिस किया है। इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि वह अपना बेस्ट देने की पूरी कोशिश करेंगे।” बता दें कि गोविल भी नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम् पार्ट 1’ में नजर आएंगे, जहां वह राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं।

टीवी सीरियल से नहीं होनी चाहिए तुलना

इसके अलावा, ‘रामायण’ के निर्माता रामानंद सागर के बेटे मोती सागर ने भी फिल्म पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पीटीआई से बातचीत में कहा, “वह एक शानदार अभिनेता हैं और अपने किरदारों में गहराई लेकर आते हैं। लेकिन सिर्फ टीज़र देखकर किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता। उनकी परफॉर्मेंस में काफी गहराई होती है। उन्होंने इस किरदार के लिए जरूर बहुत मेहनत की होगी। इसलिए मैं पूरी फिल्म देखने के बाद ही कुछ कहना चाहूंगा। मुझे इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘कुछ बहुत अच्छा होने वाला है’, रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ पर आया रामानंद सागर के बेटे का रिएक्शन

उन्होंने फिल्म और टीवी सीरियल के बीच तुलना को लेकर भी कहा, “लोग अक्सर भूल जाते हैं कि हमारी ‘रामायण’ 30–40 मिनट के 78 एपिसोड्स में फैली थी, जबकि फिल्म सिर्फ तीन से चार घंटे की होगी। इसलिए दोनों में काफी फर्क होना तय है, क्योंकि सीरियल में हम हर पहलू को विस्तार से दिखा पाए थे।”

यह भी पढ़ें: अब बड़े पर्दे पर दिखेगी श्री नीब करोरी महाराज की कहानी, टीजर में कैंची धाम वाले बाबा के किरदार में छाए सुबोध भावे

इस बीच, अपने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर निर्देशक नितेश तिवारी ने फिल्म के एक खास सीन का जिक्र किया, जो उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा, “एक सीन जिसे मैं थिएटर में दर्शकों के साथ देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हूं, वह है जब भगवान राम वनवास के लिए जाते हैं। यह बेहद भावुक पल है। पूरा शहर उन्हें रोकने के लिए उमड़ पड़ता है और उनके साथ रोता है। यह सीन मेरे दिल के सबसे करीब है। हर बार इसे देखकर मैं भावुक हो जाता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह दर्शकों को भी उतना ही प्रभावित करेगा।”

‘रामायणम्’ दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला पार्ट दिवाली 2026 पर और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर रिलीज किया जाएगा।