1987 में प्रसारित हुई रामानंद सागर की ‘रामायण’ भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय धारावाहिकों में से एक है। रामायण के ईर्द गिर्द कई फिल्में और धारावाहिक बनाए गए, लेकिन रामानंद सागर की ‘रामायण’ का मुकाबला कोई नहीं कर पाया। हर उम्र के लोगों ने इसे देखा और पसंद किया है, लेकिन कम ही लोग ये जानते होंगे कि इसे बनाने के लिए डिज्नी से फंडिंग लेने की कोशिश की गई थी। अब ललित मोदी ने इससे जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है।
द भारत इंक को दिए इंटरव्यू में ललित मोदी ने बताया कि रामानंद सागर ‘रामायण’ के लिए फंडिंग मांगने डिज्नी के अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उस मीटिंग में उनके पहनावे से लेकर बातचीत तक कई ऐसी बातें हुईं, जिनका असर उनके ऑफर पर पड़ा।
ललित मोदी ने डिज्नी से की थी फंडिंग की बात
ललित मोदी ने बताया कि 1990 के दशक में वह डिज्नी के साथ मिलकर भारत में कंटेंट की मार्केटिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन के क्षेत्र में काम कर रहे थे। उस समय रामानंद सागर और बीआर चोपड़ा ने उनसे अपने-अपने शो ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ के लिए फंडिंग की बात की थी।
ललित मोदी के मुताबिक, वह दोनों के प्रोजेक्ट में पैसा लगाने के लिए तैयार थे। उनके पास फिल्मों की मार्केटिंग करने और उन्हें दुनियाभर में बेचने का भी अच्छा नेटवर्क था। चूंकि इस काम में डिज्नी उनकी पार्टनर कंपनी थी, इसलिए उन्होंने ‘रामायण’ बनाने के लिए डिज्नी के सामने भी प्रस्ताव रखा।
यह भी पढ़ें: ‘कुछ बहुत अच्छा होने वाला है’, रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ पर आया रामानंद सागर के बेटे का रिएक्शन
शॉर्ट्स पहनकर मीटिंग में पहुंचे थे रामानंद सागर
ललित मोदी ने बताया कि डिज्नी के अधिकारियों को ‘रामायण’ बनाने के लिए मनाने के बाद वे भारत आकर रामानंद सागर से मिलने के लिए तैयार हो गए। हालांकि, यह मुलाकात वैसी नहीं रही, जैसी ललित मोदी ने सोची थी।
उनके मुताबिक, डिज्नी के अधिकारी बड़े काफिले और प्राइवेट जेट से भारत पहुंचे थे। उस दौर में बिजनेस मीटिंग के दौरान अधिकारी आमतौर पर सूट पहनकर आते थे, लेकिन रामानंद सागर शॉर्ट्स पहनकर उनसे मिलने पहुंच गए। ललित मोदी ने यह भी बताया कि रामानंद सागर की अंग्रेजी बहुत अच्छी नहीं थी, जिसकी वजह से बातचीत के दौरान भी कुछ मुश्किलें आईं। उनके मुताबिक, रामानंद सागर डिज्नी के अधिकारियों की बातें ठीक से नहीं समझ पा रहे थे और अधिकारी भी उनकी बातों को पूरी तरह समझ नहीं पा रहे थे। उस दौर में बिजनेस मीटिंग के दौरान प्रेजेंटेशन देना काफी अहम माना जाता था, लेकिन इस मुलाकात में वैसा कुछ नहीं हो पाया।
डिज्नी ने क्यों ठुकरा दिया ‘रामायण’ का प्रस्ताव?
ललित मोदी ने बताया कि उन्होंने डिज्नी के अधिकारियों को समझाने की कोशिश की थी कि रामानंद सागर करीब एक करोड़ रुपये में ‘रामायण’ बनाने के लिए तैयार थे। इसके बदले कंपनी को शो के अधिकार मिल सकते थे। हालांकि, डिज्नी को इस प्रस्ताव में दिलचस्पी नहीं आई।
यह भी पढ़ें: रामानंद सागर की ‘रामायण’ में इस एक एक्टर ने अकेले निभाए 3 किरदार, कभी बना ऋषि तो कभी रावण के पिता, क्या पहचान पाए आप?
ललित मोदी के मुताबिक, कंपनी को लगा कि अगर वह दूसरे कार्यक्रमों को बेचने के साथ-साथ खुद भी शो बनाने लगेगी, तो इससे दिक्कत हो सकती है। इसी वजह से डिज्नी ने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली।
बाद में रामानंद सागर की ‘रामायण’ भारतीय टीवी का बड़ा शो बनी। दर्शकों ने इसे खूब प्यार दिया और इसके किरदार घर-घर में मशहूर हो गए। आज भी इसे टीवी के सबसे यादगार पौराणिक शोज में गिना जाता है।
