राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए एनडीए की तरफ से द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया गया है। द्रौपदी मुर्मू ने अपना नामांकन भी दाखिल कर लिया है। नामांकन के वक्त खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके साथ मौजूद रहे। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर फिल्म डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ने एक ट्वीट किया है, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है।
रामगोपाल वर्मा ने ट्विटर पर लिखा कि “यदि द्रौपदी राष्ट्रपति हैं तो पांडव कौन हैं? और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कौरव कौन हैं?” इस पर पत्रकार आनंद विजय ने जवाब देते हुए लिखा कि “इन महानुभाव पर विधि सम्मत कार्रवाई होनी चाहिए।” सोशल मीडिया पर अन्य लोग भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
लोगों की प्रतिक्रियाएं: रश्मिरंजन ने लिखा कि ‘तुम उनके बारे में क्या जानते हो? वो एक आदिवासी महिला हैं जिन्होंने एक दुर्घटना में अपने पति और 2 बेटे को खो दिया।’ नेत्रा नाम की यूजर ने लिखा कि ‘जरा सा दिमाग किसी से उधार ले लो तब बोलो, ये मजाक या कटाक्ष के काबिल भी नहीं!’
ओम प्रकाश नाम के यूजर ने लिखा कि ‘इस व्यक्ति ने मानसिक संतुलन खो दिया है, इसे तत्काल चिकित्सक और पुलिस की आवश्यकता है, कृपया संज्ञान लिया जाए।’ शाहजहां प्रवीण नाम के यूजर ने लिखा कि ‘दुनिया की सभी मुश्किलों से लड़कर द्रौपदी मुर्मू ने समाज में ना केवल अपनी जगह बनाई बल्कि समाज के हर व्यक्ति के विकास के लिए कार्य किए। यह ना केवल उस महान महिला का अपमान है बल्कि हमारी संस्कृति और महाभारत का भी। दिल्ली पुलिस और महिला आयोग इसका संज्ञान ले।’
प्रियांशु गांधी ने लिखा कि ‘शर्मनाक! बेहद शर्मनाक टिप्पणी! एक ‘आदिवासी महिला’ का सर्वोच्च पद की तरफ अग्रसर होना कई लोगों को पच नहीं रहा।’ राम गोपाल वर्मा के इस ट्वीट पर महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने लिखा कि ‘विकृत दिमाग वाला आदमी ही इस तरह की टिप्पणी कर सकता है।’ लेखक अशोक पाण्डेय ने लिखा कि ‘अगर आप राम हैं तो रावण कौन है? और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि रावण और कौन हो सकता है?’
बता दें कि विपक्ष की तरफ से टीएमसी नेता यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाया गया है, जो 27 जून को नामांकन करेंगे। वहीं नवीन पटनायक की बीजेडी और जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआर कांग्रेस का समर्थन मिलने के बाद द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना लगभग तय माना जा रहा है।