राम गोपाल वर्मा ने आखिरकार 1.11 करोड़ रुपये का बकाया चुका दिया है, जो नौ साल पुराना था। फिल्म क्रू का बकाया पैसा तब दिया गया, जब उन्होंने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के कहने पर उनकी आने वाली पुलिस ड्रामा फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ की शूटिंग रोक दी थी। बता दें कि इस मूवी में हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में हैं।
दरअसल, FWICE की तरफ से कई बार याद दिलाने के बावजूद भी राम गोपाल वर्मा ने बाकी रकम नहीं चुकाई। इस वजह से फिल्म बॉडी को अपने सदस्यों से ‘पुलिस कंपनी’ के सेट पर काम रोकने के लिए कहना पड़ा, जिसके बाद फिल्ममेकर को प्रोडक्शन जारी रखने के लिए बकाया रकम चुकानी पड़ी।
शूटिंग रोकने के अलावा कोई रास्ता नहीं था
FWICE के मानद महासचिव अशोक दुबे ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा, “सोमवार को हमारे पास शूटिंग रोकने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। हमने कैमरामैन, फाइटर्स और लाइटिंग विभाग के सदस्यों से कहा कि जब तक भुगतान नहीं होता, वे काम न करें। बकाया रकम में फाइटर्स, स्पॉटबॉय और साउंड डिपार्टमेंट समेत कई डिपार्टमेंट शामिल थे।”
टी-सीरीज से भी किया गया था संपर्क
इतना कड़ा कदम उठाने से पहले, FWICE ने न सिर्फ राम गोपाल वर्मा से, बल्कि प्रोडक्शन हाउस टी-सीरीज से भी संपर्क किया ताकि वर्मा की पिछली फिल्मों का बकाया पेमेंट क्लियर किया जा सके। लेकिन FWICE के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी के मुताबिक, राम गोपाल वर्मा फिल्म बॉडी को टालते रहे। हालांकि, जब प्रोडक्शन रोक दिया गया, तो उन्होंने बकाया पैसे चुका दिए, जिसके बाद शूटिंग फिर से शुरू हो गई।
FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने कहा, “अब समय आ गया है कि प्रोड्यूसर्स यह समझें कि फिल्म बनाने में मदद करने वाले टेक्नीशियन और दिहाड़ी मजदूरों के भी परिवार और जिम्मेदारियां होती हैं। हम शूटिंग रोकना या मुश्किलें खड़ी करना नहीं चाहते क्योंकि इससे प्रोड्यूसर को भी नुकसान हो सकता है। पेमेंट न मिलने पर हम कार्रवाई की मांग करते रहेंगे।”
जानिए क्या है पूरा विवाद
इस साल की शुरुआत में राम गोपाल वर्मा ने एक्स हैंडल पर लिखा था कि FWICE को रणवीर सिंह के खिलाफ ‘असहयोग’ का आदेश जारी करने के लिए ‘बैन’ कर देना चाहिए। इसके बाद अशोक पंडित ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वर्मा पर खुद उनकी फिल्मों ‘सरकार राज’ और ‘ऑफिसर’ के लिए 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया है।
दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस पर असफल होने के बाद राम गोपाल ने अपने क्रू का पूरा भुगतान नहीं किया था। कई बार याद दिलाने के बाद 2019 में फिल्ममेकर ने FWICE को एक पत्र लिखकर भुगतान का भरोसा दिया था और कुछ और समय मांगा था।
उन्होंने पत्र में कहा था कि वे अपने वर्कर्स के प्रति जिम्मेदार हैं और फेडरेशन के सहयोग की सराहना करते हैं। साथ ही उन्होंने 4 मार्च, 2019 तक का आखिरी समय देने की मांग की थी और कहा था कि अगर तब तक पूरा बकाया नहीं चुकाया गया, तो वे फेडरेशन की किसी भी कार्रवाई के लिए जिम्मेदार होंगे।
हालांकि, अशोक पंडित के मुताबिक राम गोपाल वर्मा ने अगले 7 साल तक अपना वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा, “वह 2019 था और अब 2026 है। आज तक हमें एक भी पैसा नहीं मिला था।”
