भारतीय सिनेमा में ऐसी कई फिल्में आपको देखने मिल जाएंगी जो भले ही अपने रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह आ गिरीं हों लेकिन समय के साथ उन्हें काफी पसंद किया गया है। इतना ही नहीं कई फिल्में कल्ट फिल्मों की लिस्ट में शुमार भी हो गई हैं। ऐसे में एक तेलुगु फिल्म, जिसका नाम ‘जया जानकी नायका’ है, उसने भी एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। ये फिल्म एक ही यूट्यूब अपलोड पर 1 बिलियन व्यूज का आंकड़ा पार करने वाली भारत की पहली फीचर फिल्म बन गई है।

यह भी पढ़ें- Lock Upp 2: ‘वो बाइसेक्सुअल है’, आकांशा चमोला के बारे में श्रेया कालरा का बड़ा दावा

निर्देशक बोयापति श्रीनु के निर्देशन में बनी और बेल्लमकोंडा साई श्रीनिवास और रकुल प्रीत सिंह स्टारर फिल्म ‘जया जानकी नायका’ करीब 40 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई थी। हालांकि, सिनेमाघरों में यह फिल्म उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं कर पाई और दुनियाभर में महज लगभग 20 करोड़ रुपये का कारोबार ही कर सकी थी। फिल्म को एक फ्लॉप कैटगरी में शुमार कर दिया गया था।

फिल्म की किस्मत तब बदली, जब 2019 में इसकी रिलीज के करीब दो साल बाद इसे ‘खूंखार’ नाम से हिंदी में डब करके पेन मूवीज के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया। इसके बाद भी ये फिल्म रातों-रात वायरल नहीं हुई, बल्कि पिछले छह सालों में धीरे-धीरे दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाती गई। खासतौर पर उत्तर भारत के दर्शकों ने यूट्यूब के रिकमेंडेशन के जरिए इस फिल्म को ढूंढा और इसके दमदार एक्शन सीक्वेंस और इमोशनल फैमिली ड्रामा की वजह से इसे बार-बार देखा। इसी लगातार मिलते प्यार ने फिल्म को 1 बिलियन यानी कि 100 करोड़ व्यूज का मुकाम दिला दिया।

यह भी पढे़ं- Toxic Teaser: ‘लेडीज एंड लेडीज’ टीजर में कियारा, हुमा समेत इस एक्ट्रेसेस की एंट्री, बच्चों को दूर रखने की दी गई चेतावनी

इस सफलता पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए फिल्म के निर्देशक बोयापति श्रीनु ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, 1 बिलियन व्यूज। 1000 मिलियन दिल। 100 करोड़ जज्बात। एक फिल्म। दुनिया की पहली फिल्म, जिसने यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। ‘जया जानकी नायका (खूंखार)’ को हमेशा यादगार बनाने के लिए आप सभी का दिल से धन्यवाद। यह ऐतिहासिक उपलब्धि आप सभी की है। आपके असीम प्यार और लगातार मिले समर्थन के लिए तहेदिल से शुक्रिया।

फिल्म की अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपनी खुशी जाहिर की। दरअसल, उनके पति और एक्टर जैकी भगनानी ने इस फिल्म के पोस्टर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए लिखा, मुझे तुम पर बहुत गर्व है रॉकस्टार। इस स्टोरी को रिपोस्ट करके रकुलप्रीत ने उनका धन्यवाद किया। इसके अलावा एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “कुछ किरदार हमेशा के लिए दिल में बस जाते हैं, और ‘जानकी’ हमेशा उनमें से एक रहेगी।”

फिल्म ‘जया जानकी नायका’ की कहानी बाकी फिल्मों से बिल्कुल अलग और कहीं ज्यादा दिलचस्प है। सिनेमाघरों में यह फिल्म दर्शकों को आकर्षित करने में सफल नहीं रही थी, लेकिन बाद में डिजिटल प्लेटफॉर्म ने इसकी किस्मत पूरी तरह बदल दी। बिना किसी दोबारा थिएटर रिलीज के, फिल्म ने अपनी सबसे बड़ी ऑडियंस सिर्फ यूट्यूब के जरिए बनाई और वहीं से इसे रिकॉर्डतोड़ लोकप्रियता हासिल हुई।