गोविंदा और उनकी फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार लगातार चर्चा में बने हुए हैं। दोनों के रिश्ते में होने को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच राखी सावंत, गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा के सपोर्ट में सामने आई हैं।
ये विवाद तब शुरू हुआ था जब गोविंदा और कोमल को मुंबई के लालबागचा राजा के दरबार में एक साथ देखा गया। दोनों गणपति बाप्पा के दर्शन करने साथ पहुंचे थे। इसके बाद से उनके रिश्ते को लेकर अफवाहें शुरू हो गईं।
राखी ने गोविंदा को लगाई झाड़
कोमल ने शनिवार, 3 सितंबर को अपने और गोविंदा को लेकर चल रही अफवाहों पर एक कड़ा पोस्ट शेयर किया था। अब राखी सावंत ने कोमल की टिप्पणियों पर रिएक्ट किया है। मुंबई में मीडिया से बात करते हुए खुलेआम राखी ने कोमल को चुनौती दे डाली है।
राखी सावंत ने कहा कि वह गोविंदा से नाराज हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत गुस्से में रही हूं। गोविंदा जी, सबसे पहले मेरे 65,999 रुपये लौटा दीजिए। मैंने बचपन से उनकी सारी फिल्में देखी हैं। वह मेरे फेवरेट हीरो थे। लेकिन अब मैं चाहती हूं कि मेरे टिकट के सारे पैसे वापस मिलें। वह सुनीता जी के साथ जो कुछ भी कर रहे हैं वह बहुत गलत है। मैं सच में परेशान हूं। उन्होंने मेरे बारे में भी कहा कि जिनका तलाक हो चुका है उन्हें इस मामले पर कमेंट नहीं करना चाहिए। मेरी कहानी बहुत दर्दनाक है। मैं तलाक से गुजर चुकी हूं, लेकिन आपने अपनी खुशहाल शादीशुदा जिंदगी छोड़ दी, और कीचड़ में कमल देखने चले गए। यह आपको शोभा नहीं देता, चीची भैया।’
और पढ़ें: ‘दुख पहुंचाने का इरादा नहीं था’, देश की शांति पर कमेंट कर बुरे फंसे संजय दत्त, देनी पड़ी सफाई
राखी ने फिर कहा कि गोविंदा की हरकतों ने कई लोगों को परेशान किया है। उन्होंने कहा, ‘सीरियस नोट पर कहूं तो गोविंदा जी पूरा देश नाराज है आपसे। जिस औरत ने आपसे शादी की और आपके दो बच्चों को जन्म दिया, जो 40 साल से आपके साथ है, आपने उसे छोड़ दिया।’
कोमल को राखी की चेतावनी
राखी ने इस विवाद में कोमल की भूमिका पर भी सवाल उठाया। साथ ही दूसरे सेलिब्रिटीज के बारे में बात करने के लिए उनकी आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘और ये कोमल कौन है? वह मेरे बारे में बुरा-भला कह रही है और अन्य सेलिब्रिटीज के बारे में भी बकवास कर रही है। चीची भैया ही हैं जिन्होंने उसे ये पंख दिए हैं।’
कोमल रानी से सीधे बात करते हुए राखी सावंत ने कहा, ‘सुनो, कोमल, मुझसे पंगा मत लो। मैं सुनीता नहीं हूं। मैं तुम्हें टुकड़े कर दूंगी। इज्जत से अपनी फिल्म करो। चुड़ैल, पति चोर। तुमने किसी का घर उजाड़ा है।’
उन्होंने आगे सवाल उठाया कि क्या गोविंदा, कोमल के प्रति वफादार रह सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘तुमने सोचा था कि तुम एक अमीर आदमी को फंसा लोगी और गोल्ड डिगर बन जाओगी, उसका पैसा लोगी, और फिल्में बनाओगी। उसके नाम का सिंदूर अपनी मांग में लगाओ, लेकिन अगर गोविंदा सुनीता के प्रति वफादार नहीं रह सका, तो वह तुम्हारे प्रति कैसे वफादार रहेगा?’
और पढ़ें: मां बनने वाली है प्रेमानंद महाराज की शिष्या बनी एक्ट्रेस, MMS विवाद के बाद हुई थी फेमस, छोड़ा शोबिज
राखी ने पहले मीडिया के साथ सुनीता संग हुई एक प्राइवेट बातचीत की डिटेल्स शेयर करने के बाद इस विवाद पर बात की थी। राखी के मुताबिक, दोनों ने उन दावों पर चर्चा की थी कि गोविंदा कोमल से शादी करने की प्लानिंग कर रहे हैं।
इस बीच कई सेलेब्रिटीज ने इस विवाद पर रिएक्ट किया है। पिछले हफ्ते, कश्मीरा शाह ने ‘घर तोड़ने वालों’ के बारे में एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया था, जबकि दिव्या खोसला भी इसपर अपना रिएक्शन दे चुकी हैं।
