9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव अपनी पत्नी राधा यादव के साथ उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक शहर पहुंचे। जहां वो अपनी भांजी की शादी में शामिल हुए। इस पूरे मामले में उनकी पत्नी राधा का बयान सामने आया है, उन्होंने कहा है कि वो इस स्थिति को एक-एक कदम आगे बढ़ाते हुए संभाल रहे हैं।

हिंदुस्तान टाइम के साथ खास बातचीत में राजपाल यादव ने जेल में बिताए समय को याद करते हुए काफी कुछ बताया। उन्होंने कहा, “सबसे मुश्किल परिवार से दूर रहना था। इसके अलावा मैंने वहां की दिनचर्या को अपना लिया था। मैं सुबह जल्दी उठता था और सांसों के अभ्यास व मानसिक संतुलन बनाए रखने पर ध्यान देता था।”

कानूनी मामले को लेकर उन्होंने कहा, “यह मामला कई सालों से चल रहा है। मुझे लगा कि इसे कानूनी तरीके से ही संभालना सही होगा।” इसके बाद उनकी पत्नी राधा ने कहा, “हर संभव कानूनी और सम्मानजनक विकल्प अपनाया गया। कभी-कभी समाधान सिर्फ इच्छा से नहीं, सही समय पर भी निर्भर करता है।”

अंतरिम जमानत मिलने के बाद के पलों को याद करते हुए राजपाल यादव भावुक हो जाते हैं। उन्होंने कहा, “रिहाई के बाद मैं सीधे शाहजहांपुर में अपनी भांजी की शादी में गया। कठिन दौर के बाद उस खुशी के मौके पर परिवार के साथ होना मेरे लिए बेहद मायने रखता था।”

यह भी पढ़ें: ‘सहानुभूति नहीं चाहिए’, फिल्म इंडस्ट्री से मिले सपोर्ट पर राजपाल यादव ने दिया बयान

इंडस्ट्री के लोगों से मिली मदद पर दिया रिएक्शन

हालांकि राजपाल और उनकी पत्नी ने इंडस्ट्री से मदद के लिए आगे आए लोगों के नाम उजागर नहीं किए, लेकिन राजपाल यादव आभार जताते हुए कहा,”मुझे जो प्यार और सद्भावना मिली, उसके लिए मैं आभारी हूं। इस पूरे दौर में दर्शकों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों का विश्वास मेरे साथ रहा। मेरे जैसे कलाकार के लिए सम्मान, समय और अपनी बात रखने का अवसर सबसे ज्यादा मायने रखता है।”

राधा यादव ने भी धन्यवाद देते हुए कहा, “जब सपोर्ट मिलता है, तो उसे शुक्रगुजार होकर लिया जाता है। कई लोगों ने हौसला बढ़ाने के लिए संपर्क किया। हम हर सार्वजनिक और निजी सहयोग के लिए आभारी हैं।”

यह भी पढ़ें: राजपाल यादव को फंसाने की साजिश: वकील का दावा- 40 करोड़ की संप्पति सरेंडर, फिर भी भेजा गया जेल

केस के बारे में राजपाल यादव ने कहा, “मैं अदालत का सम्मान करता हूं और हर निर्देश का पालन करूंगा। शुरू से मेरा रुख यही रहा है और मैं कानूनी प्रक्रिया को अपना रास्ता लेने दूंगा।”

बता दें कि इस मामले का असर उनके शूटिंग शेड्यूल पर पड़ा है, फिर भी वे जल्द काम पर लौटने को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा, “काम के कार्यक्रम में अस्थायी उतार-चढ़ाव आ सकता है, लेकिन मैं धीरे-धीरे और जिम्मेदारी के साथ काम पर लौटूंगा। अभिनय कई वर्षों से मेरी जिंदगी का हिस्सा रहा है और मैं इसके प्रति प्रतिबद्ध हूं।”