अभिनेता राजपाल यादव 2012 के चेक बाउंस मामले में फरवरी में तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। सरेंडर से पहले उन्होंने मीडिया से कहा था कि उनके पास पैसे चुकाने के लिए नहीं हैं, जिससे भारतीय सिनेमा में चरित्र अभिनेताओं की आर्थिक स्थिति पर व्यापक बहस छिड़ गई।

हालांकि जमानत मिलने के बाद राजपाल ने स्पष्ट किया कि अपने लगभग तीन दशक लंबे करियर में वह कभी काम से खाली नहीं रहे। हाल ही में फराह खान के यूट्यूब व्लॉग में बातचीत के दौरान उन्होंने इसके बारे में दोबारा बात की।

बातचीत में फराह ने उनसे पूछा, “क्या अब भी आपके पास काम है?” इस पर राजपाल ने तुरंत जवाब दिया, “मैंने आपके साथ साल 1999 में काम शुरू किया था।” जब फराह ने पूछा कि क्या वह उनकी पहली फिल्म थी, तो उन्होंने कहा, “नहीं, मेरी पहली फिल्म ‘शूल’ थी, उसके बाद मैं ‘मस्त’ में गया, जो राम गोपाल वर्मा की फिल्म थी।” इस पर फराह ने पूछा, “तो आप ‘रामू’ की खोज हैं?” राजपाल ने सहमति जताते हुए कहा, “पूरी तरह,” और फराह ने कहा कि रामू ने एक हीरा खोजा।

आगे बताते हुए राजपाल यादव ने कहा कि राम गोपाल वर्मा ने उन्हें फिल्म ‘जंगल’ दी। उसी साल ऋतिक रोशन को ‘कहो ना प्यार है; के लिए बेस्ट एक्टर, राकेश रोशन को बेस्ट डायरेक्टर और उन्हें जंगल के लिए बेस्ट विलेन का स्क्रीन अवॉर्ड मिला। उन्होंने कहा कि साल2000 में ही इंडस्ट्री से उन्हें इतना प्रेम और पहचान मिली कि वह अब तक लगभग 200 फिल्मों में काम कर चुके हैं और कभी बेरोजगार नहीं रहे।

यह भी पढ़ें: ‘डॉन’ का एक सीन की शूटिंग में छूट गए थे जीनत अमान के पसीने, अमिताभ बच्चन को लेकर एक्ट्रेस का खुलासा

इस पर फराह ने टिप्पणी की कि उन्होंने केवल प्रियदर्शन के साथ ही 100 फिल्में कर ली होंगी। इस पर राजपाल हंसते हुए बोले कि उन्होंने राम गोपाल वर्मा, प्रियदर्शन और डेविड धवन तीनों के साथ लगभग 50-50 फिल्में की हैं।

बातचीत के दौरान फराह ने मजाक में कहा, “यहां तक कि सलमान खान भी आपके बिना नहीं चल सकते।” इस पर राजपाल ने मुस्कुराते हुए कहा, “हां, सलमान भाई और अक्षय कुमार दोनों मेरे बिना नहीं चल सकते। मैंने शाहरुख खान के साथ भी कम से कम चार फिल्मों में काम किया है।”

यह भी पढ़ें: अंजलि राघव ने पवन सिंह के खिलाफ वापस लिया केस, माफी के बाद बदला अपना फैसला

अंत में फराह ने मजाक में कहा कि उन्होंने कभी अपनी फिल्मों में राजपाल को नहीं लिया। इस पर राजपाल ने हंसते हुए जवाब दिया, “सच कहूं तो आपने मुझे कभी मौका ही नहीं दिया। बताइए, मैं हूं ना में कौन ऐसा था जो काम नहीं करना चाहता था?” इस पर फराह ने पलटकर पूछा कि उन्हें उस फिल्म में कौन-सा किरदार दिया जाता, लेकिन राजपाल ने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, “ओम शांति ओम में काम करने के लिए कौन उत्सुक नहीं था?” जिस पर दोनों हंस पड़े।