बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव जेल से रिहा हो गए हैं और आज 28 फरवरी को उन्होंने अपने खिलाफ चल रहे चेक बाउंस केस को लेकर अपने वकील भास्कर उपाध्याय के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस कॉन्फ्रेंस में अभिनेता और उनके वकील ने बताया कि मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के इंडस्ट्रियलिस्ट माधव गोपाल अग्रवाल ने साल 2010 में डायरेक्ट की गई पहली फिल्म ‘अता पता लापता’ में 5 करोड़ रुपये इन्वेस्ट किए थे।
पहले वकील ने दावा किया कि इस रकम पर बहुत ज्यादा इंटरेस्ट रेट लगाया गया था, जिससे आखिर में कुल देनदारी बढ़कर 10.40 करोड़ रुपये हो गई। फिर वकील ने आगे दावा किया कि शिकायत करने वाला राजपाल को जेल में देखना चाहता था और उसने राजपाल द्वारा ऑफर की गई सिक्योरिटी मनी और प्रॉपर्टी के पेपर्स लेने से मना कर दिया था। शिकायतकर्ता एक्टर को जेल भेजना चाहता था।
क्या बोले राजपाल के वकील?
राजपाल के वकील ने कहा, “उन्होंने (शिकायतकर्ता) प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि उनका राजपाल को जेल भेजने का कभी इरादा नहीं था। यह सच नहीं है। 2018 में, राजपाल ने कोर्ट में सिक्योरिटी अमाउंट जमा किया था और वह अपनी प्रॉपर्टी के पेपर्स भी अटैच करने को तैयार थे, लेकिन माधव गोपाल अग्रवाल ने मना कर दिया और उन्हें जेल भेजने का फैसला किया।”
इसके आगे उन्होंने कहा, “वह झूठ फैला रहे हैं और राजपाल की इमेज खराब कर रहे हैं। अगर उन्होंने सिक्योरिटी अमाउंट ले लिया होता, तो केस 2018 में ही बंद हो गया होता। उनका इरादा कभी पैसा नहीं था, बल्कि वह राजपाल को जेल में देखना थे।”
राजपाल यादव के पास है 1200 करोड़ रुपये का काम
कॉन्फ्रेंस में राजपाल ने अपने फ्यूचर प्रोजेक्ट्स के बारे में भी बात की और बताया कि पिछले 10 सालों में उन्होंने जो सबक सीखे, वे उनकी प्रोफेशनल जर्नी में कैसे काम आए। उन्होंने कहा, “अगले 7 सालों में मेरे पास ब्रांडिंग के लिए 1200 करोड़ रुपये का काम है। मेरे साथ 4 एग्रीमेंट हैं। इसमें फिल्में शामिल नहीं हैं। कोई प्रोजेक्ट 200 करोड़ रुपये का है, कोई 2000 करोड़ रुपये का। इसमें से कुछ फीस है और कुछ प्रोजेक्ट्स में शेयर हैं। मेरी 10 फिल्में लाइन में हैं।”
मदद वाले पैसे कर दूंगा वापस: राजपाल
राजपाल ने एक्टर्स से लेकर अपने फैंस तक हर तरह से मदद मिलने के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “पिछले 20 दिनों में बच्चों की गुल्लक से लेकर सोशल मीडिया से 1 करोड़ रुपये और भी बहुत कुछ… मैं उनके नाम बताते हुए एक स्टेटमेंट भेजूंगा… ऐसे 4-5 नाम हैं जिनका मैं नाम लेना चाहता हूं। साथ ही, जो लोग नहीं जानते, मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं।
मैं उनकी हमदर्दी के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं, लेकिन मैं उनसे अपनी बैंक डिटेल्स भेजने के लिए भी कहना चाहता हूं, मुझे बस उनसे समय चाहिए। मैं उन्हें सम्मान के साथ सारे पैसे वापस कर दूंगा। हालांकि, मैं देश के इतने सारे बच्चों का कर्ज नहीं चुका सकता जो मेरे साथ खड़े रहे।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे आपका आशीर्वाद चाहिए… राजा की तरह जियो, मजदूर की तरह काम करो। राजा राजा होता है, चाहे जेल में हो या यहां और राजा भागता-छिपता नहीं है।”
लास्ट में राजपाल ने माधव गोपाल अग्रवाल और दूसरे शिकायत करने वाले के बारे में बात करते हुए कहा, “उन्होंने यह सब बदले की भावना से किया। अगर मेरे पास रिकॉर्डिंग होती तो मैं तुम्हें दिखाता, उन्होंने मुझसे कहा था कि अगर तुम हमें 10.40 करोड़ रुपये नहीं भेजोगे, तो तुम्हारा एक-एक इंच बेच दूंगा।”
यह भी पढ़ें: 27 साल पहले आए इस सीरियल में राजपाल यादव ने निभाया था ‘नौरंगीलाल’ का किरदार
चलिए आपको दूरदर्शन के एक ऐसे शो के बारे में बताते हैं, जिसमें राजपाल यादव ने अपने अभिनय से लोगों को खूब हंसाया था। पूरी खबर यहां पढ़ें।
