बॉलीवुड एक्टर और कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस मामले को लेकर सुर्खियों का हिस्सा बने हुए हैं। एक्टर ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। 9 करोड़ का कर्ज चुकाने में राजपाल की मदद करने के लिए कई सितारे आगे आए। मगर मामले में अभिनेता को कोर्ट से लगातार फटकार मिल रही है। इस खास लेख में जिक्र कर रहे हैं कि राजपाल यादव से पहले किन सितारों ने जेल की सलाखों के पीछे समय गुजारा है।

संजय दत्त

बॉलीवुड में खलनायक के नाम से मशहूर संजय दत्त किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। साल 1993 में मुंबई बम धमाकों के दौरान उन्हें अवैध हथियार रखने के जुर्म में सजा सुनाई गई थी। सजा पूरी करने के लिए एक्टर पुणे की यरवदा जेल में रहे। जहां उन्होंन अन्य आम कैदी की तरह जेल के अंदर कागज के लिफाफे बनाने का काम किया था। इसके लिए उन्हें रोजाना दिहाड़ी भी मिलती थी।

सलमान खान

हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार सलमान खान का नाम काले हिरण शिकार मामले और हिट एंड रन केस की वजह से कई बार चर्चा में आया। इस मामले में उन्हें साल 2006 में जोधपुर जेल में भी रहना पड़ा। सलमान ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि जेल के अंदर उन्हें एक ही मग से सारे काम निपटाने पड़ते थे, और वहां के बाथरूम को भी एक्टर ने काफी ज्यादा गंदा बताया था।

यह भी पढ़ें: O Romeo VS Tu Yaa Main: शाहिद कपूर या शनाया कपूर, वैलेंटाइन वीकेंड के लिए किसकी फिल्म रहेगी परफेक्ट चॉइस

रिया चक्रवर्ती

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस और ड्रग्स से जुड़ी जांच के दौरान रिया चक्रवर्ती को 28 दिन जेल में गुजारने पड़े थे। मीडिया इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने इस अनुभव को अपने लिए एक अंधेरा दौर बताया था। जेल में एक्ट्रेस ने महिला कैदियों को योग और डांस सिखाया।

राजपाल यादव

मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल की सजा काट रहे हैं। इसी मामले में एक्टर साल 2018 के दौरान भी जेल जा चुके हैं। पिछली सजा के दौरान एक्टर ने जेल के अंदर साफ-सफाई के कामों में हाथ बंटाया था।