बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव लगभग 4 फरवरी से करीब 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में बंद हैं। 12 फरवरी को इस मामले में सुनवाई हुई थी, लेकिन उस समय कोर्ट ने उन्हें जमानत नहीं दी थी और केस को आगे की सुनवाई के लिए 16 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया था। सोमवार को इस मामले की सुनवाई होनी है। अभिनेता ने अपनी याचिका में फैमिली वेडिंग में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत की मांग की है।
कोर्ट ने लगाई थी राजपाल को फटकार
बता दें कि पिछली सुनवाई में दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव उनके वकील दोनों को फटकार लगाई थी। जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत ने दो टूक शब्दों में कहा था कि आप जेल इसलिए गए क्योंकि आपने अपना वादा पूरा नहीं किया। कोर्ट ने यह भी कहा कि फाइल देखते हुए बहुत सी ऐसी बातें सामने आईं, जिनके बारे में अभी पता चला। जैसे राजपाल ने पिछले कोर्ट ऑर्डर को सुप्रीम कोर्ट में चैलेंज किया था और वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: 27 साल का करियर और करोड़ों की कमाई, राजपाल यादव क्यों नहीं चुका पाए अपना 9 करोड़ रुपये का कर्ज
इंडस्ट्री से मिला राजपाल यादव को सपोर्ट
बता दें कि राजपाल यादव कोर्ट से राहत का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से पूरा सपोर्ट मिल रहा है। अभिनेता के मैनेजर गोल्डी ने बताया था कि सलमान खान, वरुण धवन, अजय देवगन समेत कई सितारे एक्टर की मदद के लिए आगे आए हैं। इनके अलावा सोनू सूद, प्रियदर्शन, गुरमीत चौधरी, बॉक्सिंग चैंपियन और ओलंपिक पदक विजेता विजेंदर सिंह समेत कई लोगों ने राजपाल की मदद के लिए आगे आए।
‘अता पता लापता’ बनी राजपाल के लिए मुसीबत
बता दें कि साल 2010 में आई फिल्म ‘अता पता लापता’ से यह सब मामला जुड़ा हुआ है। इस मूवी के साथ उन्होंने बतौर डायरेक्टर डेब्यू किया। फिल्म बनाने के लिए उन्होंने 2010 में 5 करोड़ का लोन लिया, जिसे वह चुका सके और यह बढ़कर 9 करोड़ हो गया। हालांकि, इसे लेकर राजपाल यादव ने कुछ और ही कहा था। उनके मुताबिक, यह पैसा लोन नहीं था, बल्कि एक बिजनेसमैन का इन्वेस्टमेंट था, जो अपने पोते को इंडस्ट्री में अभिनेता के तौर पर लॉन्च करना चाहता था।
लल्लनटॉप से बात करते हुए राजपाल ने कहा था, “मुझ पर 3 इल्जाम लगे। एक में दावा था कि मैंने 5 करोड़ रुपये का फ्रॉड किया। दूसरे में कहा गया कि मैंने लोन लिया। तीसरे में मैंने फ्रॉड किया है। लेकिन मेरे हिसाब से यह एक सिक्योरिटी चेक था, जिसे मैंने इन्वेस्ट किया था, क्योंकि मैंने उस पैसे पर कभी कोई इंटरेस्ट नहीं दिया। केस अभी भी कोर्ट में पेंडिंग है और मैं कोर्ट का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मेरी बात समझी।”
यह भी पढ़ें: ‘मंदिर टूट सकता है, आस्था नहीं’, फिर इतिहास की झलक दिखाएंगे संजय लीला भंसाली, फिल्म ‘जय सोमनाथ’ की हुई घोषणा
