भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली आज 8 जुलाई को अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास दिन पर उनकी बायोपिक ‘दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक रिलीज कर दिया गया है। मूवी में राजकुमार राव क्रिकेटर का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने ने किया है और इसे लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है। वहीं, गुलशन कुमार, भूषण कुमार, टी-सीरीज और DBL ने पेश किया है और यह लव फिल्म्स का प्रोडक्शन है।
फिल्म ‘दादा’ का फर्स्ट लुक आउट
फिल्म के पोस्टर में राजकुमार राव बालकनी में जर्सी उतारकर लहराते हुए नजर आ रहे हैं। बता दें कि यह पल 13 जुलाई, 2002 का है। जब जब भारत ने नेटवेस्ट ट्रॉफी का फाइनल जीता था। उस समय सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी उतारकर लहराई थी। वहीं, फिल्म की बात करें तो इसमें क्रिकेटर के करियर और निजी जीवन के अहम पड़ावों को दिखाया जाएगा।
कब रिलीज होगी फिल्म
पोस्टर में राजकुमार का लुक युवा सौरव गांगुली की याद दिला रहा है। इसके लिए अभिनेता ने कड़ी मेहनत की है। पोस्टर देख कर लग रहा है कि एक्टर ने अपने हेयरस्टाइल, चेहरे के भाव और बॉडी लैंग्वेज पर खास काम किया है। बता दें कि यह फिल्म अगले साल 14 मई को रिलीज होगी।
इन खिलाड़ियों के जीवन पर भी बन चुकी है फिल्में
बता दें कि सौरव गांगुली से पहले महेंद्र सिंह धोनी, सचिन तेंदुलकर, मिताली राज, मोहम्मद अजहरुद्दीन, प्रवीण तांबे और मुथैया मुरलीधरन पर फिल्में बन चुकी है। ‘एमस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ में सुशांत सिंह राजपूत ने क्रिकेटर का रोल प्ले किया था। सचिन की बायोपिक का नाम ‘सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स’ था। मिताली राज के जीवन पर ‘शाबाश मिठू’ फिल्म बनी, जिसमें मिताली का किरदार तापसी पन्नू ने निभाया।
वहीं, मोहम्मद अजहरुद्दीन के जीवन और विवादों पर ‘अजहर’ बनी थी, जिसमें इमरान हाशमी ने मुख्य भूमिका निभाई। प्रवीण तांबे के संघर्ष पर आधारित ‘कौन प्रवीण ताम्बे?’ में श्रेयस तलपड़े ने अभिनय किया।
