साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ गुरुवार, 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इस बीच अभिनेता धनुष ने भी फिल्म की तारीफ की है। उन्होंने इसे रजनीकांत के हर फैन के लिए जरूर देखने वाली फिल्म बताया है।

धनुष ने ‘जेलर 2’ को बताया ब्लॉकबस्टर

धनुष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा, “‘जेलर 2’ जरूर, जरूर, जरूर देखने लायक फिल्म है। थलाइवर के हर फैन के लिए यह किसी ब्लॉकबस्टर दावत से कम नहीं है।” धनुष गुरुवार को चेन्नई के रोहिणी थिएटर में भी फिल्म देखने पहुंचे थे। फिल्म की तारीफ करने के बाद उनका पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।

रजनीकांत के पूर्व दामाद हैं धनुष

धनुष की इस प्रतिक्रिया ने इसलिए भी ध्यान खींचा, क्योंकि वह रजनीकांत के पूर्व दामाद हैं। धनुष की शादी सुपरस्टार की बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत से हुई थी। दोनों ने साल 2022 में अलग होने की घोषणा की थी और 2024 में उनके रास्ते अलग हो गए।

विष्णु विशाल ने भी की फिल्म की तारीफ

धनुष के अलावा अभिनेता विष्णु विशाल ने भी ‘जेलर 2’ की तारीफ की है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि फिल्म बेहद शानदार है और हाल के दिनों में किसी तमिल फिल्म के दौरान उन्होंने इतना ज्यादा सीटियां नहीं बजाईं। उन्होंने रजनीकांत के एक्शन और फिल्म के कॉमेडी दृश्यों की भी तारीफ की।

नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’, साल 2023 में आई रजनीकांत की हिट फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आ रहे हैं। सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में अनिरुद्ध रविचंदर ने संगीत दिया है।

यह भी पढ़ें: Jailer 2 Movie Review: धुआंधार एक्शन–जबरदस्त ट्विस्ट से भरी है ‘जेलर 2’, रजनीकांत का सिनेमा करेगा दिल खुश

फिल्ममेकर कार्तिक सुब्बाराज ने की ‘जेलर 2’ की तारीफ

फिल्ममेकर कार्तिक सुब्बाराज ने रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की जमकर तारीफ की है। उन्होंने फिल्म में रजनीकांत के शानदार अंदाज, नेल्सन दिलीपकुमार के लेखन और निर्देशन और अनिरुद्ध रविचंदर के संगीत की सराहना की।

कार्तिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का रिव्यू शेयर करते हुए लिखा कि रजनीकांत ने पर्दे पर धमाल मचा दिया है। उनसे नजरें हटाना मुश्किल है। उन्होंने फिल्म को ‘रोंगटे खड़े कर देने वाला मास एंटरटेनमेंट का धमाका’ बताया।

कार्तिक ने फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, मोहनलाल, शिवराजकुमार, जैकी श्रॉफ, विद्या बालन, ऋतिक रोशन और एसजे सूर्या जैसे सितारों को एक साथ देखने को भी शानदार अनुभव बताया। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को सिनेमाघरों में मनोरंजन से भरपूर फिल्म देने के लिए धन्यवाद दिया।