रजनीकांत अपनी नई फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर चर्चा में हैं। बीते 41 साल से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे रजनीकांत की पॉपुलैरिटी के बारे में हम सभी जानते हैं। फैंस उन्हें भगवान के तरह पूजते हैं। उन्हें देशभर में ‘थलाइवा’ के नाम से पुकारा जाता है। हालांकि उनकी जिंदगी काफी मुश्किलों में बीती है।
रजनीकांत का जन्म 12 दिसंबर 1950 को बेंगलुरु के एक मराठी परिवार में हुआ था। उनका असली नाम शिवाजी राव गायकवाड़ है। महज चार साल की उम्र में ही रजनीकांत ने अपनी मां को खो दिया था। घर की माली हालत बहुत अच्छी नहीं थी। इसलिए उन्होंने छोटी उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया। कुली से लेकर बस कंडक्टर के रूप में उन्होंने नौकरी की। बस में अपने टिकट काटने के अनोखे अंदाज की वजह से वे ड्राइवरों और कंडक्टरों के बीच बहुत पॉपुलर हुआ करते थे।
शख्स ने किया जलील
हालांकि उन्हें उस दौर में हर किसी का सपोर्ट नहीं मिला। अपनी फिल्म ‘कुली’ के ट्रेलर लॉन्च पर रजनीकांत ने एक इमोशनल पल को याद किया था। उन्होंने स्ट्रगल के दिनों के बारे में बताया कि जब वो कुली के रूप में काम कर रहे थे, तब एक दिन एक शख्स ने उन्हें बहुत भारी बैग उठाकर टेम्पो में रखने को कहा था। इसके लिए उसने रजनी को 2 रुपये दिए।
जब शख्स ने बात करना शुरू किया तो रजनीकांत उसकी आवाज पहचान गए। ये शख्स कोई और नहीं बल्कि उनका कॉलेज का साथी था, जिसे वो पढ़ाई के दिनों में चिढ़ाया करते थे। शख्स ने मौका देखते हुए रजनीकांत की बेइज्जती करनी शुरू कर दी। उसने कहा, ‘तुम तो कॉलेज में इतने घमंडी थे।’ उनके काम का मजाक भी शख्स ने उड़ाया।
रजनीकांत ने बताया था कि उस पल उन्हें बहुत बुरा महसूस हुआ था। ये पहली बार था जब दिल दुखने और अपमान सहने की वजह से वो रोए थे।

और पढ़ें: तेलुगु सिनेमा में एक्ट्रेस संग हुआ कास्टिंग काउच, डायरेक्टर ने की भद्दी मांग, छोड़नी पड़ी इंडस्ट्री
स्टारडम पड़ा था भारी
रजनीकांत के एक्टर बनने का सपना पूरा करने में उनके दोस्त राज बहादुर का बड़ा हाथ है। राज बहादुर ही थे, जिन्होंने उनकी मदद की। इसी वजह से हाल ही में दादा साहब फाल्के अवॉर्ड लेते हुए रजनीकांत ने उन्हें याद कर शुक्रिया कहा था।
राज बहादुर ने रजनीकांत को मद्रास फिल्म इंस्टीट्यूट में दाखिला लेने के लिए मोटिवेट किया था। रजनीकांत के लिए ऐसा कर पाना आसान नहीं था। एक्टिंग सीखने के दौरान ही उन्होंने तमिल भाषा भी सीखी।
इसी बीच रजनीकांत की मुलाकात फिल्म डायरेक्टर के. बालचंद्र से हुई। उन्होंने रजनीकांत को फिल्म ‘अपूर्व रागंगल’ में काम करने का मौका दिया। इसमें कमल हासन और श्रीविद्या भी थीं। हालांकि इसमें उनका छोटा-सा नेगेटिव रोल ही था।
नेगेटिव कैरेक्टर प्ले करने के बाद रजनीकांत पहली बार अपनी विलेन की इमेज तोड़कर फिल्म ‘भुवन ओरु केल्विकुरी’ में हीरो की भूमिका में नजर आए थे। मुथुरमम और रजनीकांत की जोड़ी ऑडियंस को खूब पसंद आई और दोनों ने मिलकर तकरीबन 25 फिल्मों में काम किया।
‘अपूर्वा रागंगल’ करने के बाद एक्टर ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिल्म दर फिल्म और ब्लॉकबस्टर दर ब्लॉकबस्टर, रजनीकांत कुछ ही समय में भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े नामों में से एक बन गए। इस बीच उन्हें अस्पताल में भी भर्ती होना पड़ा।
इंडस्ट्री में बिना किसी सपोर्ट सिस्टम के एक नए कलाकार के रूप में उन्होंने खूब मेहनत की थी। शुरू के एक साल में रजनीकांत ने 10 से 15 फिल्में कीं। लेकिन इसकी कीमत भी उन्हें चुकानी पड़ी।
और पढ़ें: हेमा मालिनी ने मां दुर्गा बनकर हैदराबाद में किया परफॉर्म, दिव्य रूप देख फैंस हुए मंत्रमुग्ध
दिन-रात मेहनत करने के चलते उनका नर्वस ब्रेकडाउन हो गया। कथित तौर पर 1981 में रजनीकांत को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 1988 में इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था, ‘मैं स्टारडम के दबावों का सामना नहीं कर सका। कुछ साल पहले मैं कंडक्टर के तौर पर 320 रुपये कमा रहा था, और अचानक मुझे एक फिल्म के 5 लाख रुपये मिल रहे थे। प्रसिद्धि, पैसे और ज्यादा काम ने मुझे टूटने के कगार पर धकेल दिया।’
लेकिन यह रजनीकांत के निजी और पेशेवर जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। एक्टर ने न केवल कम फिल्में लेना शुरू किया, बल्कि जल्द ही लता रंगाचारी कर अपना घर भी बसा लिया था।
रजनीकांत की फिल्म ‘बिल्ला’ उनके करियर की हाईलाइट्स में से एक रही। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल हुई थी। ‘बिल्ला’, साल 1978 में आई अमिताभ बच्चन की हिट फिल्म ‘डॉन’ का रीमेक थी।
हालांकि वो फिल्म ‘बाशा’ थी, जिससे रजनीकांत सुपरस्टार बने थे। ये साल 1995 में रिलीज हुई थी। इसने बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड्स तोड़े। वो रजनीकांत ही हैं, जिन्होंने तमिल फिल्मों को इंटरनेशनल स्टेज तक पहुंचाया। उनकी फिल्म ‘मुथू’ जापान में रिलीज होने वाली पहली तमिल फिल्म थी। इसके बाद साल 2017 में ‘चंद्रमुखी’ तुर्की और जर्मन में रिलीज हुई थी। ‘शिवाजी’ उनकी पहली फिल्म है, जो यूके और साउथ अफ्रीका में बॉक्स ऑफिस पर टॉप पर रही थी।
जल्द रिलीज हो रही जेलर 2
15 अक्टूबर को रजनीकांत की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘जेलर 2’ रिलीज हो रही है। इसका निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार ने किया है। रम्या कृष्णन, एसजे सूर्या, सूरज वेंजारामूडु, विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती जैसे कलाकार इस पिक्चर में नजर आएंगे।
‘जेलर 2’ में पहले पार्ट ‘जेलर’ की तरह ही मोहनलाल, शिवराजकुमार और जैकी श्रॉफ के कैमियो भी हैं। देखना होगा कि ये बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है।
