‘खोसला का घोसला’, ‘इश्किया’ और ‘स्पेशल 26’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता राजेश शर्मा हाल ही में अस्पताल में भर्ती हुए थे। बताया गया कि प्रभास की आने वाली फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया था। इसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल के धाकुरिया स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें निगरानी में रखा गया। हालांकि, अब अभिनेता पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने इंडिया टुडे को बताया कि इलाज के बाद राजेश शर्मा मुंबई लौट आए हैं और अगले कुछ दिनों में फिर से काम शुरू कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “वह अच्छी तरह से ठीक हो गए हैं और कोलकाता से मुंबई वापस आ चुके हैं। उनका शुगर लेवल काफी बढ़ गया था, जिससे कुछ दिक्कतें हुईं, लेकिन अब उनकी हालत ठीक है। वह कुछ दिनों में काम पर लौटेंगे।”
सुदीपा चटर्जी ने दी थी घटना की जानकारी
राजेश शर्मा के अस्पताल में भर्ती होने के बाद अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने एक बयान जारी कर पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने अपने बयान में कहा, “राजेश शर्मा को शूटिंग के दौरान किसी कीड़े, संभवतः किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया था। वह प्रभास की फिल्म की शूटिंग के लिए रामोजी फिल्म सिटी में थे। पैक-अप के बाद वह घने पेड़-पौधों वाले इलाके में स्थानीय तकनीशियनों से बात कर रहे थे, तभी उन्हें किसी कीड़े के काटने का एहसास हुआ। उस समय मामला गंभीर नहीं लगा, इसलिए उन्होंने तुरंत इलाज नहीं कराया।”
बयान में आगे कहा गया, “हालत बिगड़ने के बावजूद वह कोलकाता लौटने के लिए फ्लाइट में सवार हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया, बेचैनी बढ़ने लगी और उनकी तबीयत और खराब हो गई। अगले दिन उन्हें धाकुरिया के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती हुए एक दिन से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी उन्हें तेज बुखार, सांस लेने में दिक्कत और दाहिने पैर में बढ़ते संक्रमण की समस्या थी।”
वहीं, वर्क फ्रंट की बात करें तो राजेश शर्मा आखिरी बार प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आए थे, जिसमें अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में थे।
