बॉलीवुड और क्रिकेट का पुराना रिश्ता रहा है। कई क्रिकेटर्स ऐसे रहे हैं जिनकी शादी बॉलीवुड की अभिनेत्रियों से हुई। विराट कोहली-अनुष्का शर्मा, हरभजन सिंह-गीता बसरा, शर्मिला टैगोर-मंसूर अली खान पटौदी ऐसे कितने ही नाम है जिनकी प्रेम कहानियां सफल रही। एक ऐसा ही नाम था सुपरस्टार राजेश खन्ना की दोस्त रहीं अंजू महेंद्रू और वेस्ट इंडीज के क्रिकेटर गैरी सोबर्स का। दोनों की सगाई तो हुई लेकिन बात शादी तक पहुंचने से पहले ही बिगड़ गई।
ऐसे मिले थे अंजू और गैरी- अंजू महेंद्रू उन दिनों राजेश खन्ना के साथ अफेयर में थीं और किसी बात पर राजेश खन्ना से उनकी लड़ाई हो गई थी। इसी दौरान एक दोस्त के घर वो गैरी से मिलीं और दोनों में प्यार हो गया। गैरी सोबर्स उन दिनों दुनिया के दिग्गज क्रिकेटर्स में शुमार थे और वो अक्सर अंजू महेंद्रू को परिवार समेत मैच देखने के लिए बुलाते थे। वो अंजू के प्यार में इतने दीवाने थे कि बीच मैच में ही वो उनसे मिलने फील्ड से बाहर निकल आते थे। गैरी टीम के उप कप्तान थे फिर भी वो अंजू को तरजीह देते थे।
पार्टी में किया शादी के लिए प्रपोज- कुछ ही समय बाद गैरी ने अंजू को कोलकाता की एक पार्टी में प्रपोज कर दिया और सगाई की अंगूठी पहना दी। अंजू के मुताबिक, ये सब इतनी जल्दी हुआ, उन्हें कुछ सोचने का मौका ही नहीं मिला। वो अब भी काका से प्यार करती थीं और गैरी से सगाई नही करना चाहतीं थीं। अगली सुबह उन्होंने सगाई तोड़ने की सोची तब तक गैरी लंदन जा चुके थे।
फोन कर तोड़ दी सगाई- अंजू महेंद्रू ने राजेश खन्ना के घर से ही गैरी को फोन कर सगाई तोड़ दी थी। उन्होंने स्टारडस्ट को दिए एक इंटरव्यू में बताया था, ‘सच कहूं तो मैं उस समय काका के साथ रिश्ते में थी। हमारी किसी बात पर लड़ाई हुई थी और चिढ़कर मैंने गैरी से अफेयर कर लिया था लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि मैं गैरी को पसंद करती थी। मैंने काका के घर से ही गैरी को फोन किया और सगाई तोड़ दी थी।’
सगाई टूटने के बाद गैरी ने अंजू को पहचानने से किया था इनकार- जब दोनों की सगाई टूटी तो खबर मीडिया में फैल गई। गैरी से जब अंजू के साथ उनके टूटे रिश्ते पर स्पष्टीकरण मांगा गया तो उन्होंने कहा था वो किसी अंजू को नहीं जानते हैं।