बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राज कपूर ने अपनी फिल्मों और अपने अंदाज से हिंदी सिनेमा में जबरदस्त पहचान बनाई है। राज कपूर को हिंदी सिनेमा का ‘शो मैन’ भी कहा जाता था। यूं तो उनकी फिल्में लोगों का खूब दिल जीतती थीं, लेकिन उनकी होली पार्टी पूरी इंडस्ट्री में मशहूर थी। आरके स्टूडियो में मनाई जाने वाली होली पार्टी में वैज्यंतिमाला, हेमा मालिनी, राजेश खन्ना, धर्मेंद्र, दिलीप कुमार, जीतेंद्र, राकेश रोशन, मनोज कुमार और जीनत अमान जैसे कई बॉलीवुड सितारे शामिल होते थे। लेकिन राज कपूर के सबसे खास दोस्त देव आनंद उनकी होली पार्टी में कभी शामिल नहीं हुए।
राज कपूर की होली पार्टी को लेकर यह भी कहा जाता था कि जिसे भी इसका न्योता मिलता था, उसे अपने आप पर बहुत गर्व होता था। लेकिन देव आनंद ने न तो कभी राज कपूर की होली पार्टी में शिरकत की और न ही खुद राज कपूर ने भी उन्हें आरके स्टूडियो की होली पार्टी में आने के लिए मजबूर करते थे। इस बात की वजह दोनों के बीच किसी तरह की खींचतान नहीं, बल्कि देव आनंद की पसंद नापसंद थी।
दरअसल, देव आनंद को होली खेलना बिल्कुल भी पसंद नहीं था। ऐसे में उन्होंने राज कपूर के आरके स्टूडियो पर आयोजित होने वाली होली पार्टी में कभी भी कदम नहीं रखा। शो मैन की इस पार्टी को लेकर यह भी माना जाता है कि यह बॉलीवुड सितारों को एक-दूसरे के करीब लाने का एक जरिया था। इतना ही नहीं, यहां कलाकारों को अपनी-अपनी प्रतिभाएं भी दिखाने को मिलती थीं।
फिल्म समीक्षक जय प्रकाश चौकसे ने बीबीसी को दिए इंटरव्यू में बताया था कि राज कपूर की होली पार्टी में अमिताभ बच्चन को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला था। अमिताभ बच्चन की 9 फिल्में फ्लॉप हो चुकी थीं और इसके बाद आरके स्टूडियो की होली पार्टी में गए। वहां राज कपूर ने उनसे अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए कहा।
राज कपूर के आग्रह करने पर अमिताभ बच्चन ने वहां ‘रंग बरसे’ गाना गाया था। उनका यह गाना इस कदर मशहूर हो गया कि कुछ सालों बाद इस गाने को उन्हीं की फिल्म ‘सिलसिला’ में फिल्माया गया था। खास बात तो यह है कि गाना खुद अमिताभ बच्चन ने ही गाया था।