फिल्म The Kerala Story 2 को लेकर देश में बहस छिड़ गई है। फरवरी में सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई इस फिल्म पर दर्शकों की राय बंटी हुई है। इसी बीच कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने इस फिल्म को लेकर टिप्पणी की है, जिस पर अब राजनीतिक और फिल्मी हलकों में चर्चा हो रही है।
केरल में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने इस फिल्म पर अपनी राय दी। कांग्रेस के आधिकारिक एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट पर उनके बयान को साझा किया गया। इसमें कहा गया कि ‘The Kerala Story’ जैसी फिल्मों को लोग ज्यादा नहीं देख रहे हैं, क्योंकि देश के अधिकांश लोग केरल की संस्कृति और परंपराओं को समझते हैं और उनका सम्मान करते हैं।
अपने बयान में राहुल गांधी ने यह भी कहा कि आज के समय में फिल्में, टीवी और मीडिया को एक तरह से हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके मुताबिक कुछ कथाओं को इस तरह पेश किया जाता है कि समाज में लोगों के बीच दूरी बढ़े और समुदायों के बीच विभाजन पैदा हो।
उन्होंने आगे यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति अलग तरह की बात कहने या किसी मुद्दे पर अपनी राय रखने की कोशिश करता है तो कई बार उसे आलोचना या हमलों का सामना करना पड़ता है। राहुल गांधी के अनुसार कुछ विचारों को खुलकर फैलने दिया जाता है, जबकि दूसरी आवाज़ों को दबाने की कोशिश की जाती है।
यह भी पढ़ें: केरल हाईकोर्ट ने ‘द केरल स्टोरी 2’ पर दायर जनहित याचिका …
मनोज तिवारी की पत्नी ने किया केरल स्टोरी का समर्थन
राहुल गांधी के बयान के बाद फिल्म को लेकर प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। भाजपा सांसद मनोज तिवारी की पत्नी सुरभि तिवारी ने फिल्म का समर्थन किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोग फिल्म को लेकर तरह-तरह की बातें करते रहेंगे, लेकिन सही राय बनाने के लिए पहले फिल्म देखना जरूरी है।
सुरभि तिवारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सिर्फ घर बैठकर चर्चा करने की बजाय सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें, उसके बाद दस्तावेज़ों, खबरों और मामलों के बारे में जानकारी लें। तब यह तय करना आसान होगा कि फिल्म प्रोपेगेंडा है या समाज की सच्चाई दिखाने वाली कहानी।
यह भी पढ़ें: ‘आई लव यू’, अहान पांडे ने अवॉर्ड शो में अनीत पड्डा को किया प्रपोज, रील से रियल लाइफ में हिट हुई ‘सैयारा’ की जोड़ी
उन्होंने यह भी कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन के लिए नहीं है, बल्कि समाज को सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी है। उनके अनुसार समाज को यह समझने की जरूरत है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और किसी भी लड़की को वैसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े जैसा फिल्म में दिखाया गया है।
केरल स्टोरी 2 की कहानी
सुदिप्तो सेन की 2023 में आई फिल्म The Kerala Story के बाद यह उसका सीक्वल है। नई फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी तीन महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अलग धर्म में शादी करने के बाद एक खतरनाक साजिश का शिकार हो जाती हैं।
केरल स्टोरी 2 के रिलीज पर विवाद
फिल्म की रिलीज से पहले भी विवाद देखने को मिला था। इसकी रिलीज रोकने के लिए केरल हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। शुरुआत में अदालत ने अंतरिम रोक लगाई थी, लेकिन बाद में कोर्ट की बेंच ने उस रोक को हटा दिया और फिल्म को रिलीज की अनुमति दे दी।
फिल्म के रिलीज होने के बाद से ही इस पर लगातार बहस जारी है। एक तरफ कुछ लोग इसे समाज की सच्चाई दिखाने वाली फिल्म बता रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे विवादित और भ्रामक कहानी बताकर आलोचना कर रहे हैं।
