फेमस बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का 43 साल की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उनकी मौत ओडिशा-पश्चिम बंगाल सीमा के पास तालसारी बीच में डूबने से हुई है। यह हादसा तब हुआ, जब वह एक टीवी सीरियल की शूटिंग कर रहे थे। इस खबर को सुनने के बाद उनके फैंस सदमे में आ गए हैं और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राहुल को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अभिनेता के निधन पर शोक जताया है।
कैसे हुआ राहुल अरुणोदय बनर्जी का निधन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शूटिंग खत्म करने के बाद राहुल अकेले ही समुद्र में चले गए थे, तभी एक तेज लहर आई और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। यह घटना उनकी प्रोडक्शन टीम के सामने ही हुई। एक सूत्र ने ‘इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया कि उनकी को-स्टार श्वेता मिश्रा किनारे पर ही थीं, जबकि राहुल पानी में आगे बढ़ गए।
माना जा रहा है कि तेज लहर आने से पहले उनके पैर रेत में फंस गए थे, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गए। खबर मिलते ही क्रू के सदस्य उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। जब उन्हें किनारे पर लाया गया, तब तक उनकी सांस चल रही थीं। इसके बाद उन्हें तुरंत दीघा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रोडक्शन मैनेजर चंद्रशेखर चक्रवर्ती ने बताया कि यह घटना शाम 5 से 5:30 बजे के आस-पास हुई, जब शूटिंग खत्म हो चुकी थी। उन्होंने यह भी बताया कि जब यह हादसा हुआ, तब तक कास्ट के कई सदस्य वहां से जा चुके थे। पुलिस ने दीघा पुलिस स्टेशन में अननैचुरल डेथ का मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल प्रोडक्शन टीम के सदस्यों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है।
ममता बनर्जी ने किया पोस्ट
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यह सुनकर मैं स्तब्ध, हैरान और बेहद दुखी हूं कि जाने-माने युवा और लोकप्रिय अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी हमारे बीच नहीं रहे। मुझे समझ नहीं आ रहा कि यह सब कैसे हो गया। वह एक ऐसे अभिनेता और इंसान थे, जिन्हें मैं बहुत पसंद करती थी।
मैं उनके शोकाकुल परिवार, रिश्तेदारों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। राहुल का अचानक चले जाना बंगाल के अभिनय जगत के साथ-साथ टॉलीवुड और टेलीवुड के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।”
राहुल की पत्नी ने जारी किया बयान
राहुल की पत्नी प्रियंका सरकार ने भी इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया। इसमें उन्होंने लिखा, “यह हमारे लिए गहरे दुख और निराशा का समय है। इस मुश्किल घड़ी में हम आपसे पूरी विनम्रता के साथ अनुरोध करते हैं कि हमें थोड़ा स्पेस दें और हमारी निजता का सम्मान करें। इस दुख की घड़ी में एक बच्चा, एक मां, पूरा परिवार और उनके अपने लोग इस नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।
इसके आगे उन्होंने लिखा, “हम मीडिया में मौजूद अपने दोस्तों और सहकर्मियों से गुजारिश करते हैं कि वे हमारी सीमाओं का सम्मान करें। किसी भी तरह की दखलअंदाजी से बचें और हमें शांति से शोक मनाने का मौका दें। इस समय आपका सहयोग और समझ हमारे लिए बहुत मायने रखती है।”
कौन थे राहुल अरुणोदय बनर्जी
निर्देशक विश्वनाथ बनर्जी के बेटे राहुल अरुणोदय बनर्जी ने महज तीन साल की उम्र में एक बाल कलाकार के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। उनके पिता ‘विजयगढ़ आत्मप्रकाश’ नाम के एक थिएटर ग्रुप से जुड़े थे और जल्द ही राहुल भी उनके शो का हिस्सा बन गए। 17 साल की उम्र में वह मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म ‘चका’ में नजर आए।
हालांकि, उन्हें असली पहचान 2008 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’ से मिली, जिसे राज चक्रवर्ती ने निर्देशित किया था और जिसमें प्रियंका सरकार ने उनके साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही।
यह भी पढ़ें: 40 की उम्र में दूसरी बार मां बनीं सोनम कपूर, अभिनेत्री ने बेटे को दिया जन्म, शेयर किया खास नोट
