डांसर और एक्टर राघव जुयाल इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस निहारिका एनएम के साथ उनकी कुछ नई तस्वीरें सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है।

इंस्टाग्राम पर शेयर की गई इन तस्वीरों ने फैंस को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या दोनों वाकई एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं या फिर यह उनकी आने वाली फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का प्रमोशनल स्टंट है।

सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में निहारिका लाल रंग की स्वेटशर्ट में नजर आ रही हैं, जबकि राघव ग्रे जैकेट पहने दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में राघव पीछे से निहारिका को गले लगाए हुए हैं और दोनों मुस्कुराते नजर आते हैं। पोस्ट के कैप्शन में सिर्फ एक लाल दिल और स्टार इमोजी का इस्तेमाल किया गया, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी।

पोस्ट पर कई सेलेब्स के कमेंट्स ने भी लोगों का ध्यान खींचा। रैपर रफ्तार ने कमेंट करते हुए लिखा, “Je baat laadle”, वहीं यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी ने नजर न लगने वाली इमोजी पोस्ट की। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने दोनों को बधाई देना शुरू कर दिया। कई फैंस ने लिखा कि दोनों की जोड़ी बेहद प्यारी लग रही है, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि यह फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा भी हो सकता है।

यह भी पढे़ं: ‘यह फिल्म अब कभी नहीं बनेगी’, कानूनी विवादों के बीच प्रियदर्शन ने ‘हेरा फेरी 3’ से किया किनारा

राघव जुयाल और निहारिका एनएम जल्द ही निर्देशक विवेक बी. अग्रवाल की फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ में साथ नजर आएंगे। फिल्म में संजय कपूर, निकी वालिया, विवान भटेना और बरखा सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। इससे पहले राघव का नाम शहनाज गिल के साथ भी जोड़ा गया था, लेकिन दोनों ने कभी इन खबरों की पुष्टि नहीं की।

वर्क फ्रंट की बात करें तो राघव जुयाल ने फिल्म ‘किल’ में अपने दमदार विलेन किरदार से खूब तारीफें बटोरी थीं। हाल ही में वह आर्यन खान की वेब सीरीज ‘The Bads Of Bollywood’* में नजर आए थे और अब जल्द ही नानी स्टारर ‘द पैराडाइज’ में दिखाई देंगे। वहीं, निहारिका एनएम डिजिटल दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं और उन्होंने पिछले साल तमिल फिल्म ‘पेरुसु’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। फिलहाल दोनों की वायरल तस्वीरों ने उनके रिश्ते को लेकर चर्चाओं का बाजार जरूर गर्म कर दिया है, लेकिन डेटिंग की खबरों पर अभी तक किसी ने आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।