टॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व टीएमसी नेता रचना बनर्जी इन दिनों अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ काम करने वाली सभी बंगाली अभिनेत्रियों को लेकर एक टिप्पणी की जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। दरअसल, एक हालिया इंटरव्यू में रचना बनर्जी ने खुद को “अमिताभ बच्चन की इकलौती बंगाली हीरोइन” बताया। साथ ही ये सवाल भी कर दिया कि “बंगाल की कितनी अभिनेत्रियों ने अमिताभ बच्चन के साथ काम किया है?” उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस बयान पर नाराजगी जताई।

बता दें कि एक्ट्रेस रचना बनर्जी ने फिल्म ‘सूर्यवंशम’ में अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ काम किया था। कमाल बात ये थी कि एक्ट्रेस ने अमिताभ के साथ सिर्फ एक ही फिल्म में काम किया, उनके बावजूद इस तरह का बयान देकर उन सभी बंगाली एक्ट्रेसेस पर सवाल खड़े कर दिए जो बिग बी के साथ एक से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

यह भी पढ़ें- दिलीप कुमार-धर्मेंद्र के साथ ‘कश्मीर’ बनाना चाहते थे ‘गदर’ के डायरेक्टर, सालों बाद छलका अधूरी फिल्म का दर्द

उनके बयान के बाद यूजर्स बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ काम कर चुकीं बंगाली अभिनेत्रियों को लेकर चर्चा करने लगे। कई यूजर्स ने उनके दावे पर सवाल उठाते हुए मौसमी चटर्जी, जया बच्चन और सुमिता सान्याल जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों का नाम गिनाया, जिन्होंने अलग-अलग दौर में अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन साझा की है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर वे कौन-कौन सी बंगाली अभिनेत्रियां हैं, जिन्होंने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ काम किया है।

राखी गुलजार

अपने दमदार अभिनय के लिए मशहूर राखी गुलजार ने अमिताभ बच्चन के साथ कई यादगार फिल्मों में काम किया। दोनों की जोड़ी फिल्म ‘कभी कभी’ (1976), ‘त्रिशूल’ (1978), ‘मुकद्दर का सिकंदर’ (1978), ‘काला पत्थर’ (1979) और ‘बेमिसाल’ (1982) जैसी फिल्मों में नजर आई। दिलचस्प बात यह है कि इसी साल रिलीज हुई फिल्म शक्ति (1982) में राखी ने अमिताभ बच्चन की मां की भूमिका भी निभाई थी। दोनों ने कई क्लासिक फिल्मों में साथ काम किया, जिसमें उनकी कैमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया।

शर्मिला टैगोर

एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर ने अमिताभ बच्चन के साथ बेहतरीन फिल्मों में साथ काम किया है। दोनों पहली बार फिल्म ‘फरार’ (1975) में साथ नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘बेशर्म’ (1978) और ‘देश प्रेमी’ (1982) जैसी फिल्मों में भी स्क्रीन साझा की। इन फिल्मों में शर्मिला और अमिताभ की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

यह भी पढ़ें- ‘मुझे राजनीति से दूर रखिए’, दिलजीत दोसांझ का फैंस को दो टूक जवाब, बोले- कॉकरोच जनता पार्टी पर सवाल न करें

मौशमी चटर्जी

मौशमी चटर्जी और अमिताभ बच्चन ने कई बेहतरीन हिंदी फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें ‘बेनाम’ (1974), ‘रोटी कपड़ा और मकान’ (1974), ‘मंजिल’ (1979) और ‘पीकू’ (2015) शामिल हैं।

जया बच्चन

अमिताभ बच्चन की सबसे चर्चित को-एक्ट्रेसेस में से एक और उनकी पत्नी जया बच्चन ने उनके साथ कई यादगार फिल्मों में काम किया है। जया बच्चन भी पश्चिम बंगाल से आती हैं और फिल्म इंडस्ट्री में कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं। अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी फिल्म ‘अभिमान’ (1973), ‘मिली’ (1975), ‘सिलसिला’ (1981) और बाद में ‘कभी खुशी कभी गम’ (2001) जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आई है। इन फिल्मों में दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

सुमिता सान्याल

सुमिता सान्याल और अमिताभ बच्चन ने 1971 की सुपरहिट हिंदी फिल्म ‘आनंद’ में एक साथ काम किया था, जिसमें सुमिता ने ‘रेनू’ नाम का किरदार निभाया था जो फिल्म में उनकी प्रेमिका थी। इसके अलावा, दोनों 1971 में ही आई फिल्म ‘गुड्डी’ में भी एक साथ नजर आए थे।

ममता शंकर

एक्ट्रेस ममता शंकर और अमिताभ बच्चन ने एक साथ फिल्म ‘पिंक’ में काम किया है। यह फिल्म 2016 में रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन ने दीपक सहगल नाम के एक वकील की भूमिका निभाई थी, और ममता शंकर ने उनकी पत्नी का किरदार में थी, जिनका नाम सारा सहगल था।

एक बात तो तय है कि एक्ट्रेस रचना बनर्जी के अलावा कई बंगाली एक्ट्रेसेस रहीं हैं जिन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर किया है। इतना ही नहीं, बंगाली एक्ट्रेसेस के साथ उनकी फिल्मों को काफी पसंद भी किया गया है।