scorecardresearch

वो हर जगह अनुशासन ढूंढते थे…राजकुमार के लिए बोल पड़े थे डैनी, बॉलीवुड में आने का था पछतावा

70 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले दिग्गज एक्टर राजकुमार को फिल्म इंडस्ट्री में आने को लेकर पछतावा था। इस बात का खुलासा एक्टर डैनी ने एक इंटरव्यू के दौरान किया था।

Rajkumar, Rajkumar SAD Story, राजकुमार, Entertainment News, Legend Rajkumar, Lagend Rajkumar Deat
बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार राजकुमार (फोटोसोर्स- इंडियन एक्सप्रेस आरकाइव)

मुंबई पुलिस के सब इंस्पेक्टर से बॉलीवुड के धाकड़ अभिनेता तक का सफर तय करने वाले राजकुमार ने फिल्मी दुनिया में अपनी जबरदस्त पहचान बनाई। उन्हें बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ शानदार अंदाज और डायलॉग के लिए भी खूब जाना जाता है। ‘रंगीली’ फिल्म से डेब्यू करने के बाद राजकुमार ने करीब 70 फिल्मों में काम किया। हालांकि, फिल्मी दुनिया में इतनी लोकप्रियता पाने के बाद भी राजकुमार को बॉलीवुड में आने का पछतावा था।

इस बात का खुलासा बॉलीवुड एक्टर डैनी डेन्जोंगपा ने अपने एक इंटरव्यू के दौरान किया था। डैनी ने बताया था कि राजकुमार को लगता था कि वह किसी गलत जगह पर आ गए हैं। राजकुमार के बारे में बात करते हुए डैनी डेन्जोंगपा ने कहा था, “वह बहुत ही बुद्धिमान इंसान थे। उन्हें बहुत चीजों की समझ थी और उनके साथ कहीं भी किसी भी मुद्दे पर बातचीत की जा सकती है।

हालांकि वह इस इंडस्ट्री में फिट नहीं बैठते थे। उन्हें भी कई बार यह महसूस होता था कि वह गलत जगह पर कैसे आ गए हैं। क्योंकि यहां का माहौल ही ऐसा है। यहां काम करने का जो माहौल है, उसमें खासकर अशिक्षित लोग बहुत हैं, जैसे- स्पॉटबॉय, ड्रेस मैन।”

अनुशासन पसंद थे राजकुमार: वह आगे कहते हैं, “और मेरे ख्याल से राज जी एक अनुशासन-बद्ध पुलिस ऑफिसर होने के कारण हर चीज में अनुशासन ढूंढा करते थे। यहां कभी भी शॉट लिये जा रहे हैं, सुबह के 4 बजे डिनर हो रहा है। डायरेक्टर लंच ब्रेक बोलना भूल जा रहा है। रात-दिन शूटिंग हो रही है। मेरे ख्याल से ये सभी चीजें उन्हें पसंद नहीं आती थीं।”

हमेशा वक्त पर आते थे: डैनी डेन्जोंगपा ने आगे कहा, “उन्हें अनुशासन पसंद था। उनका अपना ही एक नियम बना हुआ था। वह सुबह 10 बजे आते थे, लंच ब्रेक उनका 3 से 4 घंटे का होता था। लंच के बाद 4 बजे वह शूटिंग पर आते थे। वह 7 बजे की शिफ्ट में आते थे और 12 या 1 बजे पैकअप करके चले जाते थे। वह बहुत ही अनुशासन के साथ काम किया करते थे। राज जी के साथ सबसे ज्यादा फिल्में करने का मेरा मकसद भी यही था कि वक्त पर काम होता है। वक्त पर आते थे और वक्त पर ही अपना काम निपटा कर चले जाते थे।”

डैनी डेन्जोंग्पा ने राजकुमार के स्टाइल के बारे में बात करते हुए कहा था कि उनका अलग ही अंदाज था जो कि उनकी छवि बन गई थी और लोग उसी अंदाज में उन्हें देखना भी पसंद करते थे। वह बहुत ही अलग तरह के एक्टर थे। उनके साथ काम करने के दौरान मैंने भी बहुत एंजॉय किया है। बता दें कि राजकुमार और डैनी डेन्जोंगपा एक साथ ‘बुलंदी’ और ‘इतिहास’ जैसी कई फिल्मों में नजर आए थे।

पढें मनोरंजन (Entertainment News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 22-04-2021 at 13:51 IST
अपडेट