बॉलीवुड में अक्सर पर्दे पर दिखने वाला ड्रामा ही चर्चा में रहता है, लेकिन कई बार कैमरे के पीछे की कहानियां उससे भी ज्यादा चौंकाने वाली होती हैं। हाल ही में रजा मुराद ने एक इंटरव्यू में दिग्गज अभिनेता राज कुमार की जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
जुहू बीच की घटना का जिक्र
ब्रूट को दिए इंटरव्यू में रजा मुराद ने बताया कि यह घटना राज कुमार के शुरुआती दिनों की है। उनके मुताबिक, एक बार राज कुमार अपने एक दोस्त और उसकी गर्लफ्रेंड के साथ जुहू बीच पर मौजूद थे। तभी किसी शख्स ने उस महिला को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
रजा के अनुसार, इस बात पर राज कुमार को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने उस व्यक्ति की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला और लंबी कानूनी लड़ाई
रजा मुराद ने आगे बताया कि इस घटना के बाद राज कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा कि उनके पिता, जो राज कुमार के करीबी दोस्त थे, हर सुनवाई में उनका साथ देने कोर्ट जाते थे।
यह भी पढ़ें: ‘रिश्ता एक्सक्लूसिव है’, शादी के बाद भी ‘सिचुएशनशिप’ में हैं जैकी भगनानी- रकुलप्रीत, खुद कही ऐसी बात
रजा के मुताबिक, यह मामला काफी लंबा चला और कई महीनों तक कानूनी प्रक्रिया जारी रही। हालांकि, अंत में राज कुमार को अदालत से बरी कर दिया गया।
विवादों के बावजूद मजबूत शख्सियत
रजा मुराद ने इस घटना का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि राज कुमार एक ऐसे इंसान थे जो अपनी शर्तों पर जिंदगी जीते थे। उन्होंने बताया कि राज कुमार कश्मीरी पंडित परिवार से थे और फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले पुलिस सब-इंस्पेक्टर के तौर पर काम कर चुके थे। बाद में उन्होंने अपने दम पर बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाई।
यह भी पढ़ें: ‘ये सिर्फ कुर्सी नहीं जिम्मेदारी है’, फैमिली मैन के बाद अब गवर्नर बनें मनोज बाजपेयी, जन्मदिन पर किया ऐलान
एक खास निजी याद
इंटरव्यू में रजा मुराद ने राज कुमार से जुड़ी एक निजी याद भी साझा की। उन्होंने बताया कि एक बार जब वह उनके कॉटेज पर गए, तो उन्हें राज कुमार को माला पहनाने के लिए कहा गया।
रजा ने याद करते हुए कहा, “जब मैंने उन्हें देखा तो लगा जैसे मैं कुतुब मीनार देख रहा हूं, वह इतने लंबे थे। लेकिन उन्होंने अपनी गर्दन झुकाकर उसे मेरे स्तर पर ले आए, ताकि मैं उन्हें माला पहना सकूं।”
