बॉलीवुड अभिनेता आर. माधवन और सरिता बिरजे की शादी को 27 साल हो गए हैं। दोनों ने लगभग 8 साल तक डेटिंग करने के बाद साल 1999 में शादी की थी। आज यह कपल बी-टाउन के सबसे बेहतरीन कपल में से एक है। दोनों के बीच सालों बाद भी वही प्यार और रोमांस है, जो शुरुआत में था। अब एक्टर ने अपनी हैप्पी मैरिड लाइफ पर बात की और बताया कि कैसे वह इतने साल से तक सरिता के लिए लॉयल रहे हैं।

वफादारी स्वभाव में है: आर माधवन

इ-टाइम्स के साथ बात करते हुए माधवन ने बताया कि वफादारी उनके स्वभाव में है, क्योंकि उन्हें ऐसे ही संस्कार मिले हैं। माधवन के अनुसार, उनके परिवार में वफादारी हमेशा से बहुत रही है। उन्होंने याद किया कि उनके परिवार के लोग अपनी अटूट निष्ठा और समर्पण के लिए जाने जाते थे।

यह भी पढ़ें: शोहरत के शिखर पर लिया बड़ा फैसला, 17 साल की उम्र में प्रेग्नेंट हुईं डिंपल कपाड़िया ने छोड़ दिया था करियर

माधवन को आकर्षित करती हैं खूबसूरत लड़कियां

माधवन ने आएगी कहा, “मैं एक डरपोक मद्रासी मिडिल क्लास आदमी हूं। खूबसूरत लड़कियां मुझे आकर्षित जरूर करती हैं, लेकिन आखिर में मैं किसी बहाने से घर से दूर रहने के बजाय अपनी पत्नी के पास घर लौटकर उसके साथ समय बिताना ज्यादा पसंद करता हूं।” माधवन के अनुसार उनकी शादी को मजबूत बनाने वाली एक वजह खुलापन और भरोसा है।

‘धुरंधर’ अभिनेता ने बताया कि सरिता को हमेशा उनकी जिंदगी की हर बात की जानकारी रही है, चाहे वह उनका फोन हो या बैंक खाते। माधवन ने कहा कि उनके रिश्ते में यह पारदर्शिता किसी नियम की तरह नहीं थी, बल्कि समय के साथ स्वाभाविक रूप से विकसित हुई। बता दें कि माधवन कई बार यह कह चुके हैं कि सरिता उनकी सबसे बड़ी ताकत और सहारा हैं। उन्होंने पुराने इंटरव्यू में भी बताया था कि सरिता उन्हें जमीन से जुड़ा रखती हैं, घर की जिम्मेदारियां संभालती हैं और परिवार में स्थिरता बनाए रखती हैं।

माधवन ने कई बार उनके प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें ऐसी जीवनसाथी मिली हैं जो उन्हें पूरी तरह समझती हैं, उनके करियर में हर कदम पर साथ देती हैं और अपने योगदान के लिए कभी किसी तरह की पहचान या श्रेय की उम्मीद नहीं करतीं। इसी इंटरव्यू में माधवन ने मशहूर फिल्मकार मणिरत्नम की एक सलाह का भी जिक्र किया।

माधवन ने बताया, “मणिरत्नम ने मुझे रिश्तों के बारे में एक अहम सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर कोई रिश्ता अच्छा चल रहा है, तो बार-बार उसे परखने की कोशिश मत करो कि सामने वाला तुमसे कितना प्यार करता है। उसे जैसा है वैसा ही रहने दो। कई बार रिश्ते को टेस्ट करना ही उसे खराब कर देता है।” माधवन ने कहा कि यह बात उनके साथ हमेशा रही, खासकर तब जब वह तमिल सिनेमा के बड़े स्टार बने और उनकी बड़ी महिला फैन फॉलोइंग हो गई।

उन्होंने बताया कि उस समय कई लोगों ने उन्हें सलाह दी थी कि अपनी शादी के बारे में खुलकर बात न करें, क्योंकि इससे उनकी स्टार इमेज पर असर पड़ सकता है। लेकिन माधवन ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कभी अपनी शादी छिपाने की कोशिश नहीं की और हमेशा खुलकर बताया कि वह शादीशुदा हैं।

माधवन ने यह भी कहा कि वह अक्सर अपनी फैन मेल सरिता के साथ मिलकर पढ़ते थे और विदेश में होने वाली शूटिंग पर भी उन्हें अपने साथ ले जाते थे। उनके मुताबिक, यह सब अपनी वफादारी साबित करने के लिए नहीं था, बल्कि रिश्ते को किसी बेवजह की परीक्षा में डालने से बचने का एक व्यावहारिक तरीका था। समय के साथ यह उनकी आदत बन गई और इसने उनके रिश्ते को मजबूत बनाए रखने में मदद की। आज शादी के करीब तीन दशक बाद भी माधवन और सरिता को फिल्म इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा और प्रेरणादायक कपल्स में गिना जाता है।

यह भी पढ़ें: ‘ट्रंप को देखकर लगता था क्या भैंसा जैसा आदमी है’, शेखर सुमन ने अपने शो में उड़ाया अमेरिकी राष्ट्रपति का मजाक, बोले- बकरीद पर हलाल…