पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। दलेर मेहंदी के खिसाफ प्रशासन की कार्रवाई हुई है। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित उनके फार्महाउस को पुलिस ने सील कर दिया है। सोहना में दमदमा झील के पास दलेर मेहंदी का फार्म हाउस है, जिसे 29 नवंबर को सील किया गया है।
जानकारी के मुताबिक जिला नगर योजनाकार एन्फोर्समेंट (डीटीपीई) अमित मधोलिया ने ये कार्रवाई की। 29 नवंबर की शाम वो खुद नाव में बैठकर झील के दूसरी तरफ बने मेहंदी के फार्महाउस पहुंचे। बताया जा रहा है कि मेहंदी समेत जिन फार्म हाउस को सील किया गया है, वो सभी सात से आठ एकड़ में बने हुए हैं।
बता दें कि ये पहली बार नहीं है कि दलेर मेहंदी पर कोई कानूनी कार्रवाई की गई है। हाल ही में उन्हें 19 साल पुराने कबूतरबाजी केस से राहत मिली थी। जिसके बाद अब उनके फार्महाउस को अवैध बताया जा रहा है।
कबूतरबाजी के केस में उन्हें 14 जुलाई 2022 को पटिायाला जेल में बंद किया गया था। जिसके बाद उनकी तरफ से जमानत के लिए पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। पहले उनकी याचिका को खारिज किया गया फिर उन्हें सितंबर में रिहा कर दिया गया था।
दलेर के इस केस के बारे में सुनकर ज्यादातर लोगों को पक्षी की याद आएगी, लेकिन इस मामले का कबूतर से कोई लेना-देना नहीं है। दरअसल लोगों को अवैध तरीके से विदेश भेजे जाने को कबूतरबाजी कहा जाता है। इस शब्द का इस्तेमाल ज्यादातर पंजाब में किया जाता है।
दलेर मेहंदी के साथ जो लोग इस मामले में फंसे थे, वो थे उनके भाई शमशेर सिंह, ध्यान सिंह और बुलबुल मेहता। इन सभी पर साल 1998 और 1999 में करीब 10 लोगों को गैर कानूनी रूप से सेन फ्रांसिस्को और न्यू जर्सी पहुंचाने का आरोप था।