शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा ने एक साथ ‘डॉन’ और ‘डॉन 2’ में काम किया है, लेकिन बड़े पर्दे पर उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। मगर इन फिल्मों को करने के बाद दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए। शाहरुख बॉलीवुड के किंग बने रहे, लेकिन प्रियंका ने हॉलीवुड का रुख कर लिया। अब प्रियंका और शाहरुख खान को लेकर प्रोड्यूसर शैलेंद्र सिंह ने खुलकर बात की है।

हाल ही में सिद्धार्थ कनन के साथ खास बातचीत के दौरान ‘पेज 3’, ‘डोर’ और ‘फिर मिलेंगे’ जैसी फिल्मों का निर्माण करने वाले शैलेंद्र सिंह ने कहा कि करियर पाथ अलग होने के बावजूद शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा असल में काफी हद तक एक जैसे इंसान हैं। साथ ही उन्होंने बॉलीवुड पर आरोप लगाया कि इस इंडस्ट्री में प्रियंका की प्रतिभा का सही इस्तेमाल नहीं किया गया।

शैलेंद्र सिंह ने कहा, “प्रियंका चोपड़ा जैसे लोगों को हमारी इंडस्ट्री का ब्रांड एंबेसडर होना चाहिए। मैं ये सवाल 10 बार पूछ चुका हूं-‘बॉलीवुड की आवाज कौन है?’ कोई भी खड़ा आकर इसे अपना कह देता है। पिछले 15 सालों से ये करण जौहर रहे हैं, लेकिन क्या करण जौहर ही बॉलीवुड हैं? वो इसकी आवाज क्यों हैं?”

यह भी पढ़ें: किसी ने करियर से बनाई दूरी तो कोई कर रहा डिजिटल डिटॉक्स, 2026 आते ही ब्रेक मोड पर ये सेलेब्स

उन्होंने आगे कहा, “प्रियंका को बॉलीवुड की आवाज होना चाहिए था, लेकिन हमने उसकी ऐसी दुर्दशा की कि उसे देश छोड़कर जाना पड़ा। हमने अपनी सबसे स्मार्ट एक्ट्रेस को जाने दिया। मैंने उस इंटरव्यू में कहा था कि प्रियंका तीन चीज हैं- ब्रांड, इंसान और कलाकार। वो एक फायरक्रैकर महिला थीं और ग्लोबल लेवल पर बॉलीवुड की पहचान बन सकती थीं। वो चली गईं। विराट कोहली भी देश छोड़कर चले जाते हैं-मैच खेलते हैं और तुरंत निकल जाते हैं।”

शाहरुख खान की प्रोफेशनलिज्म की तारीफ

इसके बाद शैलेंद्र सिंह ने शाहरुख खान की तारीफ करते हुए उनके प्रोफेशनल रवैये और बिजनेस समझ की बात की। उन्होंने कहा, “अगर आप शाहरुख खान को देखें, तो वो सबसे फोकस्ड सितारों में से एक हैं। उन्हें अपने काम की पूरी समझ है। वो जानते हैं कि स्टारडम क्या होता है और वो किस तरह की सिनेमा कर रहे हैं। उन्हें ये भी पता है कि वो खुद सिनेमा हैं। वो एक साइलेंट ऑपरेटर हैं—बेहद प्रोफेशनल और कभी किसी को नीचा नहीं दिखाते। SRK और प्रियंका जैसे लोग ही इंडस्ट्री के एंबेसडर होने चाहिए”

यह भी पढ़ें: मैरी मी! जब शाहरुख खान ने सबके सामने प्रियंका चोपड़ा को किया था शादी के लिए प्रपोज, हैरान रह गई थीं एक्ट्रेस

प्रियंका और शाहरुख खान की तुलना

शैलेंद्र ने शाहरुख और प्रियंका की तुलना करते हुए कहा, “प्रियंका चोपड़ा, शाहरुख खान… टॉप लोग। वाकई, वाह! यही वो लोग हैं जो हमारी इंडस्ट्री के एंबेसडर होने चाहिए। दोनों की सोच, पर्सनालिटी और बिजनेस को देखने का नजरिया काफी मिलता-जुलता है। नो-नॉनसेंस एटिट्यूड। दोनों बेहद टैलेंटेड हैं और अपने करियर को संभालने के तरीके में भी काफी एक जैसे हैं।”

गौरतलब है कि शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा ने साथ में डॉन और डॉन 2 में काम किया था। मगर दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी रियल लाइफ में भी चर्चा में आ गई थी। कहा जाता है कि इस वजह से गौरी काफी नाराज हो गई थीं। कथित तौर पर गौरी ने करण जौहर के साथ मिलकर प्रियंका को बॉलीवुड इंडस्ट्री में बॉयकाट करने की कोशिश की थी।