बॉलीवुड फिल्ममेकर और चर्चित फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री आए दिन किसी ना किसी वजह से सुर्खियों का हिस्सा बने रहते हैं। विवेक अग्निहोत्री सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह लगभग हर मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखते हैं। बॉलीवुड से लेकर देश में होने वाले हर घटनाक्रम पर विवेक अग्निहोत्री अपना रिएक्शन देते हैं।
अब हाल ही में फिल्ममेकर ने कांग्रेस लीडर प्रियंका गांधी के एक बयान पर तंज कसा है। जिसमें वह अपने परिवार के त्याग की बात करती नजर आ रही हैं। प्रियंका गांधी के इस बयान पर विवेक अग्निहोत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि उनको करण जौहर की फिल्मों में काम करना शुरू कर देना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने क्या कहा था
दरअसल बीते दिन प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के समर्थन में कहा कि ‘आज तक हम चुप रहे हैं, आप हमारे परिवार का अपमान करते गए। मैं पूछना चाहती हूं कि एक आदमी का कितना अपमान करोगे आप। मेरा भाई पीएम के पास गया, उन्हें गले लगाया और कहा कि मुझे आपसे नफरत नहीं है। हमारी विचारधारा अलग है, लेकिन हमारे पास नफरत की विचारधारा नहीं है।’
प्रियंका गांधी ने आगे कहा था कि ‘आप परिवारवाद की बात करते हैं। भगवान राम ने अपने परिवार के साथ क्या किया था। और क्या पांडवों ने भी अपनी जमीन और धर्म के लिए जो किया वो परिवारवाद था ? क्या हमें शर्म आनी चाहिए कि मेरे परिवार ने देश के लिए लड़ाई लड़ी ? मेरे परिवार ने इस देश के लोकतंत्र को अपने खून से सींचा है।’
विवेक अग्निहोत्री का ट्वीट
प्रियंका गांधी के इस बयान पर विवेक अग्निहोत्री ने तंज कसते हुए लिखा कि ‘फैमिली फैमिली और फैमिली, आपने किया क्या है? अगर आपको अपने परिवार से इतनी झूठी मोहब्बत है तो मैं सलाह दूंगा कि गांधी परिवार को करण जौहर की फिल्म में काम करना शुरू कर देना चाहिए। कम से कम उस फिल्म से फैमिली इकोसिस्टम तो मैच करेगा। लेकिन क्या पता वो करण जौहर को भी ले डूबे।’ वहीं अपने दूसरे ट्वीट में विवेक अग्निहोत्री ने लिखा कि ‘विक्टिम कार्ड ही इनका पहला और आखिरी बचाव है।’
क्या है पूरा मामला
बता दें कि गुजरात के राहुल गांधी को 23 मार्च को सूरत कोर्ट ने मानहानि मामले में दोषी पाए जाने पर 2 साल की सजा सुनाई। इसके अगले दिन राहुल गांधी को लोकसभा से सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। जिसके बाद कांग्रेस पार्टी देशभर में विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। दरअसल राहुल गांधी ने एक जनसभा में कहा था कि सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है…’, इसी बयान को लेकर उनके खिलाफ मानहानि का केस दायर किया गया था।