प्रियंका चोपड़ा जल्द ही एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ से सात साल बाद भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। मूवी में प्रियंका ‘मंदाकिनी’ का किरदार निभा रही हैं और उनके साथ महेश बाबू भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। अब हाल ही में जोनस ब्रदर्स के यूट्यूब पॉडकास्ट में प्रियंका ने अपने पति निक जोनस, उनके भाई केविन जोनस और जो जोनस के साथ बातचीत के दौरान इस फिल्म को लेकर कुछ खास बातें शेयर कीं।

‘वाराणसी’ पर 14 महीनों से काम कर रही हैं प्रियंका

प्रियंका ने बताया कि वह पिछले करीब 14 महीनों से इस फिल्म पर काम कर रही हैं। अभिनेत्री ने कहा कि एसएस राजामौली अपनी फिल्मों को बनाने में काफी समय लेते हैं और उनकी फिल्मों का पैमाना भी बहुत बड़ा होता है। प्रियंका ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही लोग उन्हें बॉलीवुड फिल्मों के लिए जानते हैं, लेकिन ‘वाराणसी’ एक साउथ इंडियन प्रोडक्शन है।

यह भी पढ़ें: ‘मन्नत बिकती नहीं, सिर झुकाकर मांगी जाती है’, बंगला बेचने को लेकर शाहरुख खान का सालों पुराना जवाब फिर हुआ वायरल

प्रियंका ने की राजामौली की तारीफ

राजामौली की तारीफ करते हुए प्रियंका ने कहा कि ‘आरआरआर’ जैसी फिल्में उनकी शानदार और भव्य कहानी कहने की शैली को दिखाती हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। प्रियंका ने बताया कि ‘आरआरआर’ के बारे में उन्हें सबसे पहले जो जोनस ने बताया था।

वाराणसी को लेकर अभिनेत्री ने कही ये बात

फिल्म के बारे में बात करते हुए प्रियंका ने कहा, “राजामौली ने मुझे इस फिल्म के लिए बुलाया। इसका नाम ‘वाराणसी’ है। यह दुनिया भर में और अलग-अलग समय-काल में होने वाला एक शानदार एडवेंचर है। इसमें थोड़ा समय लगा है, लेकिन मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूँ। यह अप्रैल 2027 में रिलीज होगी।”

अपने किरदार को लेकर क्या बोलीं प्रियंका

अपने किरदार के बारे में ज्यादा कुछ बताए बिना, प्रियंका ने एक हिंट दिया और बताया कि वे किस तरह के एक्शन की उम्मीद कर सकते हैं। अभिनेत्री ने कहा, “मैं कई शानदार स्लो-मोशन जंप करती हूं और बस इतना ही कह सकती हूं।”

यह भी पढ़ें: ‘गौरी हिंदू है ही नहीं, न किरण-रीना ने धर्म बदला’, लव जिहाद के दावों पर आमिर खान का जवाब