प्रियंका चोपड़ा आज भारत की सबसे सफल और प्रसिद्ध अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने न सिर्फ बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाई है, बल्कि हॉलीवुड में भी अपने काम का लोहा मनवाया है। अपनी मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने दुनिया भर में भारत का नाम रोशन किया। अभिनेत्री होने के साथ-साथ वह एक सफल निर्माता, लेखिका और व्यवसायी भी हैं।
उनकी उपलब्धियां और संघर्ष की कहानी लाखों लोगों को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देती है। आज 18 जुलाई को अभिनेत्री अपना 44वां जन्मदिन मना रही हैं। ऐसे में चलिए हम आपको उनके मिस वर्ल्ड बनने से लेकर हॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने तक के सफर के बारे में बताते हैं।
यह भी पढ़ें: खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर बताने वालों ने दी आमिर खान को धमकी, लगाया लव जिहाद का आरोप
साल 2000 में जीता मिस वर्ल्ड का खिताब
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का जन्म 18 जुलाई, 1982 को जमशेदपुर में हुआ। उनके पिता कैप्टन डॉ. अशोक चोपड़ा और मां डॉ. मधु चोपड़ा भारतीय सेना में डॉक्टर थे। एक्ट्रेस के घर में पढ़ाई और करियर को काफी महत्व दिया जाता था। हालांकि, प्रियंका कुछ अलग करना चाहती थीं। साल 2000 में ‘फेमिना मिस इंडिया’ प्रतियोगिता में रनर-अप रही थीं। इस जीत के बाद उन्होंने उसी साल ‘मिस वर्ल्ड 2000’ का प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खिताब जीतकर भारत का नाम रोशन किया था।
2003 में रखा बॉलीवुड में कदम
ये खिताब जीतने के बाद प्रियंका ने तमिल फिल्म ‘थमिजन’ में विजय के साथ अभिनय की शुरुआत की और फिर ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई’ से बॉलीवुड में कदम रखा। शुरुआती सालों में उन्हें सफलता और असफलता दोनों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने जल्द ही साबित कर दिया कि वह सिर्फ एक ब्यूटी क्वीन से कहीं बढ़कर हैं।
इसके बाद उन्होंने ‘अंजाना अंजानी’, ‘गुंडे और ‘दोस्ताना’ में उन्होंने एक साधारण लड़की की भूमिका निभाई, जबकि ‘मैरी कॉम’ में बॉक्सर और ‘बाजीराव मस्तानी’ में काशीबाई का किरदार निभाकर दिखाया कि वह हर भूमिका को खूबसूरती और आत्मविश्वास के साथ निभा सकती हैं। ‘ऐतराज’, ‘फैशन’, ‘बर्फी’ और ‘7 खून माफ’ जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय और प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया।
प्रियंका ने शुरू की खुद की प्रोडक्शन कंपनी
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी पर्पल पेबल पिक्चर्स की स्थापना करके अपने अभिनय करियर को अगले स्तर पर पहुंचाया, जो महत्वपूर्ण और क्षेत्रीय फिल्मों के निर्माण पर केंद्रित थी।
हॉलीवुड में रखा कदम
ऐसे समय में जब पश्चिमी मनोरंजन जगत में बहुत कम भारतीय अभिनेत्रियों ने अपनी पहचान बनाई थी, प्रियंका ने हॉलीवुड में कदम रखकर एक साहसिक कदम उठाया। उन्होंने अमेरिकी टेलीविजन श्रृंखला ‘क्वांटिको’ में मुख्य भूमिका निभाकर इतिहास रच दिया और अमेरिका में किसी नेटवर्क ड्रामा में मुख्य भूमिका निभाने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बनीं।
उनके अभिनय को व्यापक सराहना मिली और उन्हें वैश्विक दर्शकों से परिचय हुआ। बाद में उन्होंने ‘बेवॉच’, ‘इजन्ट इट रोमांटिक’, ‘ए किड लाइक जेक’, ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’, ‘लव अगेन’ और ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ सहित इंटरनेशनल फिल्मों में अभिनय किया और धीरे-धीरे एक प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय फिल्मोग्राफी का निर्माण किया।
