‘हेरा फेरी’ के फैंस के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है। फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि वह अब ‘हेरा फेरी 3’ का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि इस साल की शुरुआत में उन्होंने उम्मीद जताई थी कि फिल्म जल्द ही फ्लोर पर जाएगी, लेकिन अब उन्होंने खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया है।
इतना ही नहीं, प्रियदर्शन ने यह भी कहा कि मौजूदा कानूनी विवादों और आपसी मतभेदों के कारण उन्हें नहीं लगता कि ‘हेरा फेरी 3’ कभी रिलीज हो पाएगी। पहले निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला ने उनके फिल्म छोड़ने की जानकारी दी थी, जिसके बाद प्रियदर्शन ने भी इसकी पुष्टि कर दी।
प्रियदर्शन ने क्यों कहा- ‘हेरा फेरी 3 कभी नहीं बनेगी’?
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में प्रियदर्शन ने कहा, “फिरोज ने जो कहा है, वह सही है। फिलहाल मेरा ‘हेरा फेरी 3’ से कोई संबंध नहीं है। मेरी जानकारी के अनुसार, कई कानूनी विवादों और निजी मतभेदों के कारण यह फिल्म शायद कभी पर्दे पर नहीं आ पाएगी। मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हूं या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”
हालांकि, वैरायटी इंडिया से बातचीत में निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला ने अलग तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा, “सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रियदर्शन अब इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हैं।”
यह भी पढ़ें: प्रियदर्शन ने ‘धुरंधर 2’ को बताया ऐतिहासिक फिल्म, बोले- ‘शोले’ के मेकर्स की तरह याद किए जाएंगे आदित्य धर
आखिर क्या हैं ‘हेरा फेरी 3’ की मुश्किलें?
फिल्म सिर्फ अधिकारों से जुड़े कानूनी विवादों में ही नहीं फंसी, बल्कि अभिनेता परेश रावल के अचानक प्रोजेक्ट छोड़ने से भी मामला उलझ गया था। इसके बाद उनके सह-कलाकार अक्षय कुमार ने उन पर 25 करोड़ रुपये का मुकदमा भी दायर किया था। हालांकि बाद में परेश रावल ने स्पष्ट किया कि निर्माताओं के साथ उनके मतभेद आपसी सहमति से सुलझ गए हैं।
यह भी पढ़ें: तलाक के एक दशक बाद फिर साथ रह रहे हैं निर्देशक प्रियदर्शन और उनकी पत्नी
‘तीनों कलाकारों के बिना हेरा फेरी नहीं बन सकती’
प्रियदर्शन ने मिड-डे से बातचीत में बताया था, “अक्षय और परेश, दोनों ने मुझे फोन करके कहा कि अब सब कुछ ठीक हो गया है। जब परेश ने मुझसे कहा, ‘सर, मैं फिल्म कर रहा हूं। मैंने हमेशा आपका सम्मान किया है। मैंने आपके साथ 26 फिल्में की हैं और फिल्म छोड़ने के लिए माफी चाहता हूं। कुछ निजी कारण थे,’ तो मैं हैरान रह गया।”
उन्होंने आगे कहा,”हेरा फेरी अपने तीनों मुख्य किरदारों के बिना नहीं बन सकती। हाल ही में एक फ्लाइट में एक हीरा व्यापारी और उनके परिवार ने मुझसे परेश रावल को वापस लाने की गुजारिश की। उनका कहना था कि अगर परेश रावल नहीं होंगे तो वे यह फिल्म नहीं देखेंगे।”
