आज 3 नवंबर भारतीय सिनेमा के इतिहास के लिए बेहद खास है। आज ही के दिन युगपुरुष का जन्म हुआ था, जिन्हें दुनिया पृथ्वीराज कपूर के नाम से जानती है। जी हां! पृथ्वीराज कपूर का नाम इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज है। वह भारतीय सिनेमा और रंगमंच की नींव मजबूत करने वाले दिग्गज कलाकार थे, जिन्होंने अपनी अदाकारी से पर्दे पर अलग पहचान बनाई, तो वहीं थिएटर के प्रति अपने जुनून से देशभर में रंगमंच की अलख जगाई।

फिल्मों से होने वाली कमाई को उन्होंने थिएटर को जिंदा रखने में लगाया और कलाकारों की नई पीढ़ी को मंच से जोड़ने का काम किया। जब फिल्मों की लोकप्रियता बढ़ रही थी और थिएटर के सामने आर्थिक चुनौतियां थीं, तब पृथ्वीराज कपूर ने रंगमंच को जिंदा रखने के लिए अपनी सारी कमाई तक लगा दी। उन्होंने अभिनय को सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि देशभर में घूमकर लोगों को नाटकों से जोड़ा। आज पृथ्वीराज कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर जानते हैं उनके उस सफर की कहानी, जिसने भारतीय सिनेमा और रंगमंच दोनों को नई दिशा दी। उनकी इसी कोशिश का नतीजा था पृथ्वी थिएटर्स, जिसने भारतीय रंगमंच के इतिहास में अपनी खास जगह बनाई।

बुआ से पैसे उधार लेकर शुरू किया फिल्मी सफर

पृथ्वीराज कपूर के लिए कहा जाता है कि वह साल 1928 में एक्टिंग करियर बनाने के लिए मुंबई आए थे। इसके लिए उनके पास पैसे नहीं थे, ऐसे में उन्होंने अपनी बुआ से कुछ रुपए उधार लिए थे। करियर के शुरुआत में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा था। इसके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

मुंबई आकर उन्होंने कुछ समय बतौर थिएटर आर्टिस्ट काम किया। इसके बाद उन्होंने साल 1928 में ‘बेगमात का बाग’ में छोटा का किरदार करने का मौका मिला। फिर उन्होंने साल 1929 में आई फिल्म ‘दो धारी तलवार’ में काम किया। इसके बाद साल ‘1931 में आई पहली बोलती फिल्म ‘आलम आरा’ में उन्होंने अहम किरदार निभाया। इसके बाद पृथ्वीराज ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उनका थिएटर के लिए लगाव कम नहीं हुआ।

1944 में रखी पृथ्वी थिएटर्स की नींव

पृथ्वीराज कपूर ने साल 1944 में अपनी थिएटर कंपनी ‘पृथ्वी थिएटर्स’ की शुरुआत की। भले ही वो फिल्मों में अपनी पहचान बना चुके थे लेकिन थिएटर के अपने सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने अलग रास्ता चुना। उन्होंने ऐसे नाटकों पर ध्यान दिया, जिनमें समाज और देश से जुड़े मुद्दों को उठाया जाता था।

समाज के मुद्दों को थिएटर तक ले गए पृथ्वीराज कपूर

पृथ्वी थिएटर्स ने सात नाटक तैयार किए। इनमें ‘दीवार’, ‘पठान’, ‘गद्दार’, ‘आहूति’, ‘कलाकार’, ‘पैसा’ और ‘किसान’ शामिल थे। इन नाटकों के जरिए धार्मिक एकता, देश के बंटवारे, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं और समाज में बढ़ते लालच जैसे मुद्दों को मंच पर दिखाया गया। पृथ्वीराज कपूर का मानना था कि रंगमंच के जरिए लोगों तक जरूरी सामाजिक संदेश पहुंचाए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें: CineGram: जब शत्रुघन सिन्हा का कॉलर पकड़कर शम्मी कपूर ने उन्हें निकाला था गेट से बाहर, पृथ्वीराज कपूर पर किया था ये कमेंट

112 शहरों में जाकर किए 2,662 नाटक

उनके थिएटर की खास बात ये थी कि वो किसी एक शहर तक सीमित नहीं था। वह अपने कलाकारों की टीम के साथ देशभर में घूमे और उन्होंने 112 शहरों में 2,662 शोज किए। पृथ्वी थिएटर की आधिकारिक वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक इस थिएटर ने 5,982 दिनों तक 112 शहरों में लोगों तक अपने शोज पहुंचाए।

हर नाटक में खुद मुख्य किरदार निभाते थे पृथ्वीराज कपूर

पृथ्वीराज कपूर ने इन सभी 2,662 शो में खुद मुख्य भूमिका निभाई। उनकी टीम के पास हर शहर में थिएटर या ऑडिटोरियम की सुविधा नहीं होती थी। ऐसे में कई बार सिनेमाघरों और स्कूलों के हॉल में भी नाटकों का मंचन किया जाता था। खास बात यह थी कि पृथ्वीराज कपूर अपनी टीम के साथ थर्ड क्लास में सफर करते थे। राज्यसभा के मनोनीत सदस्य बनने के बाद भी उन्होंने इस आदत को नहीं बदला, जबकि उन्हें हवाई जहाज या फर्स्ट क्लास में यात्रा करने की सुविधा मिल सकती थी।

थिएटर में लगाते थे फिल्मों की कमाई

पृथ्वीराज कपूर के लिए थिएटर एक जुनून था। वो एक तरफ फिल्म से पैसा कमाते थे और उस पैसे को थिएटर में लगाते थे। टीम के साथ शहर-शहर घूमने का खर्च, शोज के सेटअप का खर्च ऐसे कई खर्चे होते थे जिनके लिए वो अपनी फिल्म से कमाये हुए पैसे लगाया करते थे। उनकी थिएटर कंपनी को मुनाफा नहीं होत था, लेकिन बिना इसकी परवाह किए वो खुद का पैसा लगाकर इसे चलाते रहे।

यह भी पढ़ें: पृथ्वीराज कपूर नाटक कंपनी लेकर गए थे रीवा, पसंद आई पुलिस अफसर की बेटी तो तय कर दिया था बेटे का रिश्ता

साल 1960 में पृथ्वी थिएटर्स का सफर थम गया। इसकी एक बड़ी वजह पृथ्वीराज कपूर की बिगड़ती सेहत और आर्थिक मुश्किलें थीं। हालांकि, उनका सपना यहीं खत्म नहीं हुआ। वह मुंबई में एक स्थायी थिएटर बनाना चाहते थे, जहां कलाकारों को मंच, रिहर्सल और प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल सकें और उनका ये सपना उनके बेटे अभिनेता शशि कपूर ने पूरा किया।

शशि कपूर और जेनिफर ने पूरा किया अधूरा सपना

पृथ्वीराज कपूर का निधन 29 मई 1972 को हो गया। वह अपना स्थायी थिएटर बनाने का सपना पूरा नहीं कर पाए। इसके बाद उनके बेटे शशि कपूर और बहू जेनिफर केंडल ने इस सपने को आगे बढ़ाने का फैसला किया। दोनों ने मिलकर मुंबई के जुहू में पृथ्वी थिएटर का निर्माण किया।