कॉमेडी, साइबर क्राइम और मिस्ट्री वेब सीरीज ‘प्रीतम और पेड्रो’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। इसमें अरशद वारसी, विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह के साथ मशहूर फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी भी नजर आने वाले हैं। इस सीरीज के साथ ही वीर एक्टिंग की दुनिया में कदम रख रहे हैं।  बता दें कि ‘प्रीतम और पेड्रो’ का निर्देशन अविनाश अरुण के किया है और इसे राजकुमार हिरानी ने बनाया और प्रोड्यूस किया है।

वेब सीरीज के ट्रेलर लॉन्च के दौरान राजकुमार हिरानी ने बताया कि प्रीतम और पेड्रो का आइडिया उन्हें कोविड-19 लॉकडाउन के समय मिला था। उस दौरान मुंबई साइबर सेल ने उनसे साइबर क्राइम पर फिल्म बनाने के लिए संपर्क किया था। वहीं से शुरू हुई बातचीत बाद में एक नई कहानी में बदल गई और प्रीतम और पेड्रो की शुरुआत हुई।

यह भी पढ़ें: हेयर पैच पहनते हैं गोविंदा, पत्नी सुनीता आहूजा ने किया बड़ा खुलासा- छिपाने जैसा क्या है

क्या बोले राजकुमार हिरानी

राजकुमार हिरानी ने कहा, “कोविड के दौरान मुझे मुंबई साइबर सेल के प्रमुख का फोन आया था। वे साइबर क्राइम पर फिल्म बनाना चाहते थे, लेकिन इस विषय पर कोई काम नहीं कर रहा था। मैंने उनसे कहा कि वे मुझे इसका आइडिया बताएं, मैं घर से इस पर काम कर सकता हूं। इसी दौरान मेरी मुलाकात अमित दुबे से हुई। उन्होंने मुझे अपनी कुछ कहानियों की किताब दी, जिसमें कई ऐसे आइडियाज थे जिन पर शॉर्ट फिल्म बनाई जा सकती थी।”

राजकुमार ने आगे कहा, “उन सभी कहानियों को पढ़ते समय मुझे लगा कि उनमें से एक आइडिया को बड़ी कहानी में बदला जा सकता है। कुछ दिनों बाद एक जूम कॉल में मैंने उन्हें बताया कि मैं उन कहानियों में से नहीं, बल्कि एक बिल्कुल नई कहानी बनाना चाहता हूं। मुझे अपनी तरह से इसे बनाने का मौका मिला और यहीं से प्रीतम और पेड्रो का सफर शुरू हुआ।” बता दें कि यह वेब सीरीज 3 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने वाली है। 

यह भी पढ़ें: ‘उसका कोई गॉडफादर नहीं था’, संचिता उगाले की मौत पर दादा गोपीनाथ ने कही ये बात, बोले- वह बहुत टैलेंटेड लड़की थी