प्रिंस नरूला और युविका चौधरी के रिश्ते को लेकर आए दिन अलग-अलग तरह की खबरें आती रही हैं। उनकी बेटी के जन्म के बाद युविका और प्रिंस के रिश्ते में दरार की खबर आई थी। इसके बाद अब हाल ही में दोनों ने एक दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया था। जिसके बाद एक बार फिर उनका रिश्ता खबरों में आ गया था। अब प्रिंस और युविका ने इस तरह की खबरों और अपने रिश्ते पर खुलकर बात की है।

नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो ‘डबल डेट’ में पहुंचे इस कपल ने माना कि युविका की प्रेग्नेंसी के दौरान उनका रिश्ता बेहद मुश्किल दौर से गुजरा। इस दौरान गलतफहमियां, चिंता, लोगों की लगातार नजरें और माता-पिता बनने का दबाव उनके रिश्ते पर भारी पड़ा। दोनों ने यह भी खुलासा किया कि एक समय ऐसा भी आया था जब उन्होंने अलग होने तक के बारे में सोच लिया था, लेकिन आखिरकार उन्होंने अपने मतभेद सुलझाकर रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया।

प्रिंस नरूला ने बताया कि उनके रिश्ते को लेकर विवाद की शुरुआत उनके एक यूट्यूब व्लॉग के बाद हुई, जिसे लोगों ने गलत तरीके से समझ लिया। प्रिंस ने कहा, “जब मैंने वह व्लॉग अपलोड किया तो लोगों ने उसका बिल्कुल अलग मतलब निकाल लिया। जबकि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं था। उस समय मैं बहुत दबाव में था। प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को कई तरह के मूड स्विंग्स से गुजरना पड़ता है और उन्हें बहुत कुछ संभालना पड़ता है।”

उन्होंने आगे बताया, “उसी समय मैं नया घर बनवा रहा था क्योंकि मैं चाहता था कि हमारा बच्चा नए घर में आए। काम की वजह से मुझे लगातार यात्रा भी करनी पड़ रही थी। इसलिए मैंने युविका से कहा कि वह कुछ समय अपनी मां के घर रह लें, क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि वह धूल-मिट्टी और कंस्ट्रक्शन के बीच रहें।”

इस वजह से लोगों ने लगाये कयास

प्रिंस नरूला ने बताया कि उनके एक बयान को अलग तरीके से पेश किया गया, जिसके कारण लोगों ने उनकी शादी में दरार की अटकलें लगानी शुरू कर दीं।

उन्होंने कहा, “लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि हम साथ नहीं हैं। जबकि मेरा मतलब सिर्फ इतना था कि उस समय हम एक ही घर में नहीं रह रहे थे। मैं अपने घर पर था और युविका दूसरी जगह रह रही थीं। हमारे बीच सिर्फ शारीरिक दूरी थी, इमोशनल नहीं। हम दोनों ने इस बारे में बात भी की कि आखिर लोगों को कब तक सफाई देते रहेंगे।”

दरअसल, प्रिंस नरूला उस यूट्यूब व्लॉग की बात कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे और युविका साथ नहीं हैं। उनके इस बयान को लोगों ने वैवाहिक रिश्ते में परेशानी से जोड़ लिया, जिसके बाद दोनों के अलग होने की अफवाहें तेजी से फैलने लगी थीं।

युविका ने भी बताई अफवाहों की सच्चाई

युविका चौधरी ने बताया कि उन्होंने जानबूझकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, क्योंकि उस समय उनकी प्राथमिकता अपनी प्रेग्नेंसी थी, न कि लोगों की बातें।

यह भी पढ़ें: ‘मां के साथ रहना बेहतर…’, युविका चौधरी ने प्रिंस नरूला से अलग होने के रूमर्स पर की बात, बोलीं- प्रेग्नेंसी के समय…

युविका ने कहा, “मैं किसी भी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया नहीं देती। पहले समय लेती हूं। दुनिया को तुरंत जवाब देना मेरी आदत नहीं है। प्रिंस बहुत संवेदनशील और भावुक हैं। कोई बात उन्हें प्रभावित करती है तो वह तुरंत रिएक्ट कर देते हैं।”

उन्होंने बताया कि वह बार-बार प्रिंस से कहती थीं कि लोगों की बातों का असर अपने रिश्ते पर न पड़ने दें। “मेरे लिए मेरी प्रेग्नेंसी सबसे ज्यादा अहम थी। लोग हमेशा कुछ अच्छा या बुरा कहते रहेंगे, लेकिन वे मेरी जिंदगी नहीं जी रहे हैं। मैंने प्रिंस से कहा था, ‘मुझे प्यार के साथ अपनी प्रेग्नेंसी एंजॉय करने दो। सही समय आने पर मैं खुद सब कुछ कहूंगी। लेकिन मुझे यह साबित करने के लिए मजबूर मत करो कि हमारे बीच सब ठीक है। मैं बनावटी बातें नहीं कर सकती।'”

तलाक की खबरों पर इसलिए नहीं तोड़ी चुप्पी

उन्होंने कहा, “तलाक और न जाने कितनी तरह की बातें होने लगी थीं। आखिर कब तक हर बात पर सफाई देते? मुझे लगा कि चुप रहना और सही समय का इंतजार करना बेहतर है। लेकिन प्रिंस इन सब बातों से काफी परेशान हो गए थे।”

दबाव नहीं संभाल पा रहे थे प्रिंस

युविका ने बताया कि उस समय प्रिंस नरूला एक साथ कई तरह के भावनात्मक दबाव से गुजर रहे थे। पहली बार पिता बनने की खुशी, परिवार की जिम्मेदारियां और मीडिया की निगाहें, इन सबने उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित किया।

युविका ने कहा, “हमारा परिवार भी इस पूरे मामले से परेशान था। प्रिंस पर इतना दबाव था कि उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि इसे कैसे संभालें।”

उन्होंने उस वायरल व्लॉग का भी जिक्र किया, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया था। “जब वह कैमरे के सामने अपनी भावनाएं रिकॉर्ड कर रहे थे, तभी मुझे अंदाजा हो गया था कि इसके बाद क्या होने वाला है। लेकिन कई बार इंसान इतना भावुक और परेशान होता है कि उसे समझ नहीं आता कि वह क्या कर रहा है। वह पहली बार पिता बनने वाले थे। उन्हें यह बताने वाला कोई नहीं था कि क्या सही है और क्या गलत। एक तरफ पिता बनने की जिम्मेदारी, दूसरी तरफ काम और मीडिया का दबाव। वह इन सबको एक साथ संभाल नहीं पाए और उसी वजह से उन्होंने वह वीडियो बना दिया।”

यह भी पढ़ें: TV Adda: ‘मैंने फोन करके दी थी अपडेट’, प्रिंस नरूला के आरोपों के बाद युविका चौधरी ने बताई अपनी कहानी, वीडियो शेयर कर दिखाया प्रूफ

प्रिंस नरूला को होने लगी थी एंग्जायटी

प्रिंस नरूला ने स्वीकार किया कि उस मुश्किल दौर का उनकी मेंटल हेल्थ पर गहरा असर पड़ा था। उन्होंने बताया कि वह उस समय एंग्जायटी से जूझ रहे थे और आज भी इसके लिए दवाइयां लेते हैं।

प्रिंस ने कहा, “उस समय मैं एंग्जायटी से गुजर रहा था। आज भी मैं इसकी दवा लेता हूं और उसी की वजह से सो पाता हूं। मैं उस वक्त सब कुछ संभाल नहीं पा रहा था। न युविका की गलती थी और न मेरी। बस हालात ऐसे थे, जिन्हें हम दोनों में से कोई भी ठीक से संभालना नहीं जानता था।”

हमने अलग होने तक के बारे में सोचा था- प्रिंस

प्रिंस ने यह भी खुलासा किया कि एक समय ऐसा आया था जब उन्होंने और युविका ने कुछ समय के लिए अलग होने का भी विचार किया था। उन्होंने कहा, “एक वक्त ऐसा भी आया जब हमने सोचा कि शायद हमें अलग हो जाना चाहिए और साथ नहीं रहना चाहिए।”

हालांकि, उन्होंने बताया कि यह विचार ज्यादा देर तक नहीं रहा। जल्द ही उन्हें एहसास हुआ कि हर रिश्ते में उतार-चढ़ाव आते हैं और कोई भी रिश्ता पूरी तरह परफेक्ट नहीं होता।

प्रिंस ने कहा, “फिर मैंने सोचा कि आखिर कौन-सा कपल परफेक्ट होता है? कोई भी नहीं। अगर मेरी जिंदगी में कोई और भी आता, तो उसमें भी कुछ कमियां होतीं। इसलिए अगर समस्या हमारे बीच है, तो हमें ही उसे मिलकर सुलझाना होगा। मैं युविका से बहुत प्यार करता हूं और वह भी मुझसे बहुत प्यार करती हैं। उस समय जो ख्याल आए थे, वे हकीकत नहीं थे। वे सिर्फ खुद को शांत करने की कोशिश भर थे।” पहले भी युविका अपने और प्रिंस के रिश्ते पर बात कर चुकी हैं। पूरी खबर के लिए यहां क्लिक करें…