प्रीति जिंटा अभिनेता सनी देओल के साथ फिल्म ‘बंटवारा 1947’ में दिखाई देने वाली हैं और यह मूवी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ऐसे में फिल्म की टीम और इसकी कास्ट जमकर मूवी का प्रमोशन करते हुए नजर आ रही है। इस दौरान हाल ही में एक पैपराजी ने अभिनेत्री का एक वीडियो वायरल किया और कहा कि वह अभिनेता आमिर खान को इग्नोर कर रही हैं। अब इस पर खुद प्रीति ने रिएक्शन दिया है।

दरअसल, प्रीति जिंटा ने वायरल पैपराजी वीडियो पर नाराजगी जाहिर की है, जिसमें यह दावा किया गया था कि उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘बटवारा 1947’ के प्रमोशन के दौरान आमिर खान को इग्नोर किया। प्रीति ने इस दावे को क्लिकबेट कंटेंट बताया और कहा कि उन्होंने आमिर को देखा ही नहीं था, क्योंकि वह शूटिंग और प्रमोशनल काम के बीच काफी जल्दबाजी में थीं।

यह भी पढ़ें: रांची में स्टूडेंट्स के प्रोटेस्ट में शामिल हुए पीयूष मिश्रा, धरना स्थल पहुंचकर गाया ‘आरंभ है प्रचंड’

क्या था प्रीति का वायरल वीडियो

वायरल क्लिप में प्रीति जिंटा अपनी वैनिटी वैन से बाहर निकलती हुई दिखाई दीं और फोटोग्राफर्स से पूछती हैं कि एक मिनट गाइज, कहां जाना है। इसके बाद वह रास्ता ढूंढने के लिए इधर-उधर जाती हैं। फिर जब फोटोग्राफरों ने उन्हें रास्ता बताया, तो प्रीति उल्टी दिशा में चली गईं।

इसी दौरान पास में अपनी वैनिटी वैन के बाहर खड़े आमिर खान को वह ग्रीट नहीं करतीं। इसके बाद पैपराजी पेज ने वीडियो के साथ लिखा, “ओह नो, प्रीति जिंटा ने आमिर खान को इग्नोर कर दिया।” इसके बाद वीडियो वायरल हो गई और सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की बातें होने लगीं। कुछ लोगों ने दोनों सितारों के बीच अनबन होने की भी बात कही।

प्रीति जिंटा ने अफवाहों को किया खारिज

एक्ट्रेस ने लिखा, “इस तरह का क्लिकबेट कंटेंट सही नहीं है। मैंने आमिर को देखा नहीं था, क्योंकि मैं कुछ शॉट्स शूट करने और फिर ‘बटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए फ्लाइट पकड़ने की जल्दी में थी। अगली बार अगर आपका मकसद किसी भी तरह की नेगेटिविटी फैलाना है, तो कृपया मुझसे रुककर तस्वीरें खिंचवाने की उम्मीद न करें। मेरे दिल में आमिर के लिए बहुत प्यार और सम्मान है, इसलिए इस तरह की बात अच्छी नहीं लगी।”

8 साल बाद वापसी कर रही हैं प्रीति

‘बटवारा 1947’ करीब आठ साल बाद प्रीति जिंटा की फिल्मों में वापसी है। वह आखिरी बार 2018 में रिलीज हुई ‘भैयाजी सुपरहिट’ में नजर आई थीं। बता दें कि ‘बटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है।

फिल्म में प्रीति और सनी देओल के अलावा शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल, अभिमन्यु सिंह, कनिका कपूर और खुशी हजारे भी नजर आएंगे। फिल्म की कहानी 1947 में भारत के बंटवारे के दौरान लाहौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसे आमिर खान ने आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।

यह भी पढ़ें: ‘सारी जिम्मेदारी खुद ले रहा हूं’, वीजा न मिलने पर सिडनी शो में नहीं पहुंच सके मोहनलाल, फैंस से मांगी माफी