बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा लगभग एक दशक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने वाली हैं। वह जल्द ही आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘बटवारा 1947’ में नजर आएंगी। इस मूवी में अभिनेत्री के साथ सनी देओल, शबाना आजमी, करण देओल समेत कई सितारे भी दिखाई देंगे। अब फिल्म की कास्ट इसे प्रमोट करने के लिए अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के सेट पर पहुंचीं।

सनी देओल, प्रीति और आमिर सभी ने गेम खेलने के साथ-साथ खूब मस्ती भी की। इस दौरान तीनों ने अपनी फिल्म के बारे में बात की और फिल्मों से जुड़ी अपनी जिंदगी के कई किस्से भी शेयर किए। इसी बातचीत के दौरान प्रीति ने सनी देओल के साथ अपनी पहली बातचीत का किस्सा भी सुनाया। अभिनेत्री ने बताया कि कैसे उन्होंने एक बार देर रात सनी के घर फोन कर दिया था, जिसके बाद एक्टर ने उन्हें डांट दिया था।

यह भी पढ़ें: ‘उन्होंने जरूर स्क्रिप्ट पढ़ी होगी’, ‘छावा’ को विभाजनकारी फिल्म बताने पर मनोज मुंतशिर ने किया एआर रहमान से सवाल

बॉबी देओल की दोस्त थीं प्रीति जिंटा

जब शो में प्रीति जिंटा से सनी देओल और बॉबी देओल के स्वभाव में अंतर के बारे में पूछा गया। तो उन्होंने बताया कि वह दोनों एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। एक्ट्रेस ने कहा, “बॉबी मेरे दोस्त हैं। मैं उन्हें फिल्मों में डेब्यू करने से पहले से जानती हूं। बॉबी के पास एक वैन थी और हम सभी उसी वैन में घूमने जाया करते थे।”

अभिनेत्री ने आगे बताया कि एक दिन वह अपने दोस्तों के साथ बाहर थीं और सभी ने तय किया कि बॉबी को फोन करके बताया जाए कि वे उनके घर आ रहे हैं। फोन करने की जिम्मेदारी प्रीति को दी गई। लेकिन फोन उठाने वाले बॉबी नहीं, बल्कि सनी देओल थे। उस समय भारत में मोबाइल फोन ज्यादा चलन में नहीं थे, इसलिए लोग लैंडलाइन पर ही फोन किया करते थे।

प्रीति ने बताया, “मैंने फोन किया। मुझे नहीं पता था कि उनका ढाई किलो का हाथ फोन उठाएगा। फ़ोन उठाने के बाद मैंने कहा हाय, क्या मैं बॉबी से बात कर सकती हूं।” शायद उस समय रात के 10:30-11 बज रहे थे। फिर सनी देओल ने सामने से कहा, “क्या ये किसी के घर फोन करने का समय है?”

घबराकर प्रीति ने काट दिया था फोन

प्रीति ने बताया कि वह घबरा गई थीं और उन्होंने तुरंत कॉल काट दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में वह सनी के सामने हमेशा बहुत नर्वस रहती थीं और सनी के साथ सहज होने में उन्हें 2-3 फिल्में लग गईं। बता दें कि दोनों ने ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई’ और ‘फर्ज’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।

सनी देओल ने कही ये बात

इसके बाद सनी ने भी अपनी तरफ की बात बताई। उन्होंने कहा, “हमें रात 8 बजे के बाद बाहर जाने की इजाजत नहीं थी। उस वक्त करीब 10:30 बज रहे थे। मैं बॉबी को अपने बेटे की तरह देखता हूं, इसलिए अनुशासन को लेकर मैं उसके साथ हमेशा बहुत सख्त था। लेकिन वह अक्सर छिपकर बाहर निकल जाता था।” प्रीति ने बताया कि यह वही समय था जब बॉबी की मुलाकात पत्नी तान्या से हुई थी। फिर दोनों ने 1996 में शादी की।

कब रिलीज होगी ‘बंटवारा 1947’

बता दें कि ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। थिएटर में इस मूवी की टक्कर इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ से होने वाली है। 

यह भी पढ़ें: एसआईआर के बाद वोटर लिस्ट से कटा प्रकाश राज का नाम, बोले- यह कैसा मजाक है?