राज बब्बर का परिवार इस समय चर्चा में बना हुआ है। दरअसल, उनके बेटे आर्य बब्बर ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपने सौतेले भाई प्रतीक स्मिता पाटिल पर कई आरोप लगाए। आर्य ने कहा कि प्रतीक को जब पैसों या घर की जरूरत होती, तब राज बब्बर उनके पिता थे, लेकिन जब समाज के सामने सम्मान देने की बात आई, तब वह उन्हें पिता नहीं मानते। अब उनके इस स्टेटमेंट के बाद प्रतीक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। ऐसा माना जा रहा है कि ये बिना नाम लिए आर्य पर पलटवार है।
प्रतीक ने लिखा ये पोस्ट
दरअसल, प्रतीक की पत्नी प्रिया बनर्जी पाटिल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, “अगर गलत जानकारी से बिल भरे जाते, तो कुछ लोग आखिरकार कामयाब हो जाते।” कुछ देर बाद उनके इस पोस्ट को प्रतीक ने अपने सोशल मीडिया पर री-शेयर किया। इसे री-शेयर करते हुए उन्होंने हैशटैग IYKYK (अगर आप जानते हैं, तो आप जानते हैं) लिखा। हालांकि, खुलकर अभी प्रतीक ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है।
क्या बोले थे आर्य बब्बर
विक्की लालवानी को दिए एक इंटरव्यू में आर्य बब्बर ने कहा था, “ऐसा है कि जब आपका करियर अच्छा नहीं चल रहा होता है और आपको गुजारा करने के लिए पिता से खर्च की जरूरत होती है, तब वह आपके पिता होते हैं। जब आप उस घर में रहना चाहते हैं जो आपके पिता ने स्मिता मां के लिए खरीदा, तब वह आपके पिता होते हैं। जब आप सुविधाओं का लाभ उठाना चाहते हैं, तब आपके पिता होते हैं, लेकिन जब आपको समाज के सामने उन्हें स्वीकार करना और सम्मान देना पड़े, तब वह आपके पिता नहीं होते। यह क्या है?”
बता दें कि राज बब्बर और स्मिता पाटिल के बेटे प्रतीक का अपने पिता के साथ रिश्ता हमेशा उतार-चढ़ाव भरा रहा है। स्मिता की मौत प्रसव के दौरान हो गई थी, जिसके बाद प्रतीक की परवरिश उनके नाना-नानी ने की। बड़े होने के बाद प्रतीक के अपने पिता के साथ रिश्ते सुधरे, लेकिन फिर कुछ सालों में तनाव बढ़ गया। यहां तक कि 2025 में जब प्रतीक ने प्रिया बनर्जी से शादी की, तो उन्होंने अपने पिता राज बब्बर और उनके पहले परिवार सौतेले भाई-बहन जूही और आर्या बब्बर को शादी में नहीं बुलाया था।
यह भी पढ़ें: ‘चांद मेरा दिल’ को मिला रविवार की छुट्टी का फायदा, अनन्या और लक्ष्य की फिल्म ने कमाए 4 करोड़
