नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे शिक्षाविद और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल ने 21वें दिन एक अलग ही रूप ले लिया, जब उन्हें जबरन प्रदर्शन की जगह से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को जबरदस्ती सफेद चादर के पीछे छिपाते हुए ले जाती दिखी।

यह भी पढ़ें- सोनम वांगचुक के समर्थन में आए ऋतिक रोशन और शत्रुघ्न सिन्हा, NEET पेपर लीक पर उठाई आवाज

इस घटनाक्रम के कई वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और आम जनता के साथ-साथ कई सेलेब्स की भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। प्रकाश राज, विशाल ददलानी, काम्या पंजाबी जैसे एक्टर्स के रिएक्शन इस मामले पर देखने मिल रहे हैं। इन सभी एक्टर्स ने सरकार की जमकर आलोचना की है। इस घटना को लोकतंत्र की हत्या और तानाशाही का नाम दिया है।

सोनम वांगचुक को उनके अनशन से जबरन उठाकर ले जाने पर एक्टर प्रकाश राज ने सरकार को निशाना बनाते हुए एक्स पर लिखा- ‘दुनिया एक ऐसी कायर सरकार को देख रही है, जो युवाओं से संवाद करना नहीं चाहती, बल्कि तानाशाहों की तरह व्यवहार करना चाहती है। शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के आंदोलन को बाधित करना और सोनम वांगचुक को जबरन हिरासत में लेना डर और असुरक्षा का संकेत है। यह बेहद शर्मनाक है।’

यह भी पढ़ें- ‘तानाशाह ने अपनी बहादुरी दिखा दी’, सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से जबरदस्ती हटाने पर नेहा सिंह राठौर ने किया रिएक्ट, बोलीं- बीस दिन से…

इसके बाद एक और ट्वीट में उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए एक्स पर लिखा- ‘पर्दे के पीछे क्या है? 56 इंच का डरा हुआ नंगापन।’

टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी जो अक्सर इस तरह के मुद्दों पर खुलकर बोलना पसंद करती हैं उन्होंने भी सरकार की निंदा करते हुए एक्स पर लिखा- ‘मैं पूरी तरह सुन्न हूँ, गुस्से में हूँ और बेहद आहत भी। हमारे भविष्य के साथ आखिर हो क्या रहा है? सोनम वांगचुक जी जैसे दूरदर्शी व्यक्ति को परीक्षा घोटालों से प्रभावित लाखों छात्रों के लिए सिर्फ़ ईमानदारी और जवाबदेही की मांग करते हुए तीन हफ्तों तक केवल पानी के सहारे अनशन करना पड़ा। आज उन्हें पुलिस जबरन अस्पताल ले गई, क्योंकि सत्ता में बैठे लोग उनसे संवाद करने को तैयार नहीं हैं।’

एक्ट्रेस ने अपनी बात को पूरा करते हुए आगे लिखा-‘एक सच्चा लोकतंत्र अपने लोगों की बात सुनता है, उनकी शांतिपूर्ण आवाज को उसकी अंतिम सीमा तक पहुँचने के लिए मजबूर नहीं करता। आखिर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसा देश छोड़कर जा रहे हैं?’

बॉलीवुड सिंगर और कंपोजर विशाल ददलानी ने अपने सोशल मीडिया पर इस बारे में अपना गु्स्सा जाहिर करते हुए एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा- ‘देखी है आपने कभी ऐसी कायरता, सोनम जी को जबरन उठा कर ले गए हैं। इस देश का जो ये लोग कर रहे हैं, इसे देख मेरा दिल टूट गया है। मेरे देश वालों कब जागोगे, अब ही जागोगे तो कब जागोगे। मुझे नहीं पता मैं क्या कहूं, मैं सिर्फ ये सोच रहा हूं कि कैसे भी इसमें कुछ कर पाऊं। इस समय गुस्से से मेरा भेजा फट रहा है।’

20 दिन का अनशन पूरा करने के बाद सोनम वांगचुक ने एक वीडियो संदेश जारी कर देशभर के लोगों से 20 जुलाई को होने वाले CJP के ‘चलो संसद’ मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने इसे एक शांतिपूर्ण जनआंदोलन बताते हुए कहा कि इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि कितने नागरिक छात्रों के समर्थन में आगे आते हैं और संसद तक मार्च में भाग लेते हैं।