‘द कश्मीर फाइल्स’ साल 2022 में बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी और यह फिल्म ब्लॉकबस्टर हुई थी, हालांकि फिल्म को लेकर विवाद भी खूब हुए थे और कई लोगों ने फिल्म को प्रोपेगेंड फिल्म कहा था। एक्टर प्रकाश राज ने फिल्म को बकवास कहा था। अब जब RRR के गाने ‘नाटू नाटू’ को ऑस्कर मिल गया है और ‘द कश्मीर फाइल्स’ को नॉमिनेशन तक नहीं मिला तो प्रकाश राज ने फिर से ‘द कश्मीर फाइल्स’ का मजाक उड़ाते हुए पुाना वीडियो शेयर किया है।
वीडियो में क्या है?
वीडियो में प्रकाश राज ‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री के झूठे दावे का मजाक उड़ाते दिख रहे हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि फिल्म ऑस्कर के लिए शॉर्ट लिस्ट हुई है। वीडियो में प्रकाश राज कह रहे हैं, ” ‘द कश्मीर फाइल्स’ एक बकवास फिल्म है, इंटरनेशनल जूरी ने भी उनके ऊपर थूका। लेकिन वो अब भी बेशर्म हैं, इस फिल्म का डायरेक्टर अभी कह रहा है कि मुझे ऑस्कर क्यों नहीं मिल रहा? तुम्हें भास्कर भी नहीं मिलेगा।”
प्रकाश राज ने वीडियो दोबारा शेयर करते हुए कहा है, ‘प्रोपेगेंडा फाइल्स को लेकर मैं सही था।’ यहां देखिए वीडियो
प्रकाश राज कई बार ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर सोशल मीडिया पर अपने विचार रखते रहे हैं और इसकी वजह से विवेक अग्निहोत्री संग उनकी जुबानी जंग भी हुई है। बता दें, द कश्मीर फाइल्स साल 2022 में रिलीज हुई थी, फिल्म में अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती अहम रोल में नजर आए थे।
किसे मिला ऑस्कर?
भारत को इस बार दो ऑस्कर मिले हैं। एक ऑस्कर भारत की शॉर्ट डॉक्युमेंट्री फिल्म ‘द एलिफैंट विस्पर्स’ को मिला है, वहीं दूसरा ऑस्कर RRR के गाने ‘नाटू नाटू’ को मिला है।