अभिनेता प्रकाश राज ने उनके नाम को लेकर चल रही चर्चाओं और सोशल मीडिया दावों पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्हें धर्मस्थल केस से जोड़ा जा रहा है। अभिनेता ने कहा है कि वह इस पूरे मामले पर जल्द ही मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखेंगे।
प्रकाश राज ने कन्नड़ भाषा में ट्वीट करते हुए कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने लिखा,
“नमस्कार सभी को.. मीडिया और सोशल नेटवर्क पर मेरे बारे में धर्मस्थल केस से जुड़ी कुछ खबरें मेरे ध्यान में आई हैं। यह एक अत्यंत संवेदनशील मामला है और इससे लाखों भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है, इसलिए मेरा कर्तव्य है कि मैं इन सवालों का जवाब दूं।”
अभिनेता ने आगे कहा कि वह फिलहाल किसी किसी ऐसी जगह पर हैं जो दूर है। जल्द ही वो मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट करेंगे। उन्होंने लिखा, “मैं अभी दूर हूं। दो दिन में मैं खुद मीडिया के माध्यम से इस पर जवाब दूंगा। तब तक कृपया इस खबर पर फैलाई जा रही अफवाहों और गलत बातों पर भरोसा न करें।”
प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को हॉट एयर (बेबुनियाद बातें) बताते हुए लोगों से अपील की कि जब तक वह खुद बयान नहीं देते, तब तक किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।
याचिका में प्रकाश राज का नाम आने के बाद विवाद
यह मामला तब चर्चा में आया जब 11 जून को कर्नाटक हाईकोर्ट में दायर एक याचिका में प्रकाश राज का नाम सामने आया। यह याचिका कथित धर्मस्थल साजिश मामले के एक आरोपी चिन्नैया द्वारा दाखिल की गई थी।
यह भी पढ़ें: ये हैं 26/11 में 20 महिलाओं की जान बचाने वाली नर्स अंजलि कुलथे, जिनकी कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आईं कंगना रनौत
याचिका में दावा किया गया कि उन्हें कुछ लोगों के निर्देश पर बयान देने के लिए कहा गया था और इसमें यह भी आरोप लगाया गया कि प्रकाश राज ने उनसे तमिल में बातचीत की थी। साथ ही यह भी कहा गया कि अभिनेता ने कथित रूप से कहा था: “मैं 29 तारीख को आकर तुम्हें गले लगाऊंगा” हालांकि, इन दावों की अभी किसी जांच एजेंसी या अदालत ने पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें: ‘लगान’ फिल्म के ‘ओ पालनहारे’ गाने को लिखना जावेद अख्तर के लिए नहीं था आसान, बोले- मैं नास्तिक हूं और…
क्या है धर्मस्थल केस?
धर्मस्थल मठ और मंदिर क्षेत्र (कर्नाटक) से जुड़ा यह मामला 2025 में सुर्खियों में आया था, जब एक पूर्व सफाईकर्मी ने दावा किया कि उसे वर्षों तक बड़ी संख्या में शवों को दफनाने के लिए मजबूर किया गया था।
इन आरोपों के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एक SIT का गठन किया गया। इसके साथ ही जांच एजेंसियों ने कई जगहों पर खुदाई और विस्तृत जांच शुरू की, ताकि लगाए गए दावों की सच्चाई का पता लगाया जा सके। यह मामला धीरे-धीरे स्थानीय स्तर से निकलकर पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, अभी जांच प्रक्रिया जारी है और कई आरोपों तथा दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, इसलिए यह मामला फिलहाल विवाद और जांच के दायरे में ही बना हुआ है।
