साउथ निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस मूवी में प्रभास और तृप्ति डिमरी की जोड़ी नजर आने वाली है। कुछ दिनों पहले ही मूवी का एक पोस्टर जारी किया गया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था।
इनके अलावा फिल्म में दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज भी नजर आने वाले थे, लेकिन फिर कुछ अफवाहें चली कि डायरेक्टर के साथ बहस की वजह से उन्हें इस बहुप्रतीक्षित फिल्म से निकाल दिया गया है। हालांकि, एक्टर ने अब इन खबरों को गलत बताया है।
स्क्रीन से बात करते हुए प्रकाश राज ने कहा, “यह कुछ बकवास अटकलें हैं। मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।” बता दें कि प्रकाश ‘स्पिरिट’ में प्रभास, तृप्ति डिमरी, विवेक ओबेरॉय और अन्य कास्ट मेंबर के साथ एक अहम रोल में नजर आएंगे। यह फिल्म वांगा की भद्रकाली पिक्चर्स और भूषण कुमार की टी-सीरीज द्वारा को-प्रोड्यूस की गई है।
स्क्रीन से बात करने के अलावा अभिनेता प्रकाश राज ने एक्स हैंडल पर भी पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “सभी टॉक्सिक फेक न्यूज फैलाने वालों को…. स्पिरिट फिल्म के बारे में। हमने अभी तक मेरे सीन्स की शूटिंग शुरू भी नहीं की है और आप व्हाट्सएप फैक्ट्रियां कहानियां बना रहे हैं। बड़े हो जाओ और अपनी लाइफ जियो।”
बता दें कि पहले फिल्म में तृप्ति की जगह दीपिका पादुकोण नजर आने वाली थीं, लेकिन फिल्म शुरू होने से पहले ही दीपिका का मेकर्स के साथ आठ घंटे की शिफ्ट को लेकर मतभेद हो गया, जिसके बाद वह इस मूवी से बाहर हो गईं। दरअसल, अभिनेत्री दुआ पादुकोण के जन्म के बाद वर्क-लाइफ बैलेंस बनाए रखना चाहती थीं।
इसे लेकर दीपिका ने ब्रूट इंडिया से कहा, “मैं निश्चित रूप से बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस, बेहतर काम का माहौल और बेहतर काम की स्थितियों की वकालत कर रही हूं और अगर यह किसी के लिए काम नहीं करता है, तो हम एक-दूसरे के साथ काम करने के लिए बाध्य नहीं हैं।”
