Prahaar Teaser : 26/11 मुंबई आतंकी हमले की कहानी हर किसी ने सुनी है, लेकिन इस हमले के इकलौते जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब के खिलाफ अदालत में लड़ी गई कानूनी जंग के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। अब इसी अनकही कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं राजकुमार राव, जिनकी फिल्म ‘प्रहार’ का टीजर जारी कर दिया गया है।

फिल्म ‘प्रहार’ का दमदार टीजर

प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स ने एक्टर राजकुमार राव के साथ एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फिल्म ‘प्रहार’ का टीजर रिवील किया। 1 मिनट 53 सेकेंड के इस टीजर में राजकुमार राव कोर्ट रूम में अपनी दमदार दलीलें पेश करते दिखाई देते हैं। अदालत में 26/11 हमले में जिंदा पकड़े गए आतंकवादी अजमल कसाब को फांसी देने की गुहार लगा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Mirzapur The Movie Teaser: कालीन भैया के साथ रवि किशन ने मचाया ‘भौकाल’, नए किरदारों के साथ मिला ढेर सारा सस्पेंस

कसाब की फांसी में देरी क्यों हुई थी

टीजर से पहले फिल्म ‘प्रहार’ की अनाउंसमेंट की गई थी, जिसमें सिर्फ राजकुमार राव के किरदार को साझा किया गया था। सभी सबूतों और सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद भी कसाब को फांसी देने में इतना समय क्यों लगा था। 26/11 हमले में करीब 166 लोगों की मौत हुई थी और सिर्फ एक आतंकवादी जो जिंदा पकड़ा गया था। भारत में उसकी फांसी की डिमांड की जा रही थी लेकिन उसमें देरी क्यों हुई। फिल्म में उस पूरी कानूनी कार्रवाई को दिखाया गया है।

राजकुमार राव का ट्रांसफॉर्मेशन

राजकुमार राव ने फिल्म ‘प्रहार’ में उज्जवल निकम का किरदार निभाया है। पहले लुक में साफ देखा जा सकता है कि राजकुमार ने इस किरदार के लिए एक शानदार ट्रांसफॉर्मेशन किया है, जिसके लिए यकीनन उन्होंने काफी मेहनत की है। अपने लुक्स, हाव-भाव और बोलने के लहजे पर एक्टर ने कमाल काम किया है।

कौन है उज्जवल निकम

उज्ज्वल निकम देश के सबसे चर्चित और सम्मानित विशेष लोक अभियोजकों में गिने जाते हैं। उन्होंने कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक और आतंकवाद से जुड़े मामलों में सरकार की ओर से अदालत में पैरवी की है। अपनी मजबूत दलीलों और कानूनी रणनीति के दम पर उन्होंने कई दोषियों को सख्त सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाई, जिसके कारण उन्हें देश के सबसे प्रभावशाली सरकारी वकीलों में से एक माना जाता है।

उनके प्रमुख केसों की बात करें तो, 26/11 मुंबई आतंकी हमले में अजमल कसाब के खिलाफ मुकदमा और फांसी की सजा, 1993 मुंबई सीरियल ब्लास्ट जैसे केसों के लिए उन्हें जाना जाता है।

यह भी पढ़ें- पद्म भूषण सम्मान के लिए व्हील चेयर पर जाते हुए अलका याग्निक का वीडियो वायरल, फैंस को हुई चिंता

628 आरोपियों को उम्रकैद, 37 को फांसी

उज्ज्वल निकम ने तीन दशकों से ज्यादा लंबे करियर में सैकड़ों मामलों में राज्य का पक्ष मजबूती से रखा है। उन्होंने 628 से अधिक आरोपियों को उम्रकैद और 37 दोषियों को मृत्युदंड की सजा दिलवाई है। कानून के क्षेत्र में इस बेहतरीन योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें साल 2016 में पद्म श्री सम्मान से नवाजा था।

फिल्म ‘प्रहार’ की रिलीज डेट

फिल्म में राजकुमार राव के अलावा वमिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी दिखाई देंगे। ये फिल्म उज्जवल निकम की बायोपिक है, जिन्होंने अजमल कसाब को फांसी दिलाने के लिए एक लंबी कानूनी जंग लड़ी थी। फिल्म का पूरा नाम है ‘प्रहार : द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम’। फिल्म का निर्देशन दिनेश विजान ने किया है, ये फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।