हमारे देश पर हुए 26/11 के हमले का दर्द लोगों के दिलों से आज भी खत्म नहीं हुआ है। भारत पर हुए सबसे बड़े और निर्दयी हमले की यादें आज भी सभी के जहन में ताजा हैं। अगर ये यादें हल्की होने भी लगती हैं तो बॉलीवुड इसपर एक नए नजरिए की फिल्म ले आता है। ऐसी फिल्म, जो हम सब का देखना जरूरी है। मगर दर्द भी उतना ही देती हैं।
ऐसा ही कुछ हुआ है फिल्म प्रहार के साथ। प्रहार कहानी है, वकील उज्जल निकम की, जिन्होंने 2008 के आतंकवादी हमले में पकड़े गए इकलौते उग्रवादी अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ा था और उसे फांसी की सजा दिलवाई थी। हम सभी ने कसाब से जुड़ी खबरों को पढ़ा और टीवी पर देखा है। मगर ‘प्रहार’ के साथ हमें उस वक्त के उस कोर्टरूम में जाने का मौका मिलता है।
दमदार है प्रहार
फिल्म की शुरुआत होती है, उज्जल निकम (राजकुमार राव) को कसाब का केस मिलने से। उनका काम है उस उग्रवादी के खिलाफ केस बनाना, जिसने बेरहमी से मासूमों की जान ली थी। उनके खिलाफ खड़े हैं अब्बास काजमी (सिकंदर खेर)। काजमी इकलौते वकील हैं, जो कसाब के पक्ष में केस लेकर लड़ रहे हैं। वरना हर किसी ने उसकी तरफ से लड़ने की बात सुनते ही अपने हाथ पीछे खींच लिये थे।
मगर पिक्चर में सिर्फ यही नहीं है। ‘प्रहार’ में दो कहानियां एक साथ चल रही है। एक तरफ निकम, कसाब का हाई प्रोफाइल केस संभाल रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ घर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने में पीछे छूट रहे हैं। उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर मिली झलक से पता चलता है कि कोर्टरूम में झंडे गाड़ने वाले निकम ने घर पर स्ट्रगल किया है।
घर पर उनकी पत्नी ज्योति (वामिका गब्बी) है। साथ ही बेटा अनिकेत (ऋत्विक साहोरे) और बेटी शरवरी (प्रणाली घोगरे) है। निकम की पत्नी बेहद सपोर्टिव है, मगर उनका रिश्ता अपने बेटे से उखड़ा ही रहता है। ऐसे में फिल्म के अंदर कसाब कू सजा दिलवाले की जद्दोजहद के साथ आप उज्जल निकम को अपने बेटे संग रिश्तों को बेहतर बनाने में दिक्कतों का सामना करते भी देखते हैं।
इस फिल्म की अच्छी बात यह है कि ये अपने मैसेज में किसी को अच्छा या बुरा नहीं बनाती। किसी मजहब को गलत नहीं बताती और न ही भारत बनाम पाकिस्तान करती है। डायरेक्टर अविनाश अरुण ने लेखक सुमित रॉय के साथ मिलकर लिखे स्क्रीनप्ले पर इस बात पर ध्यान दिया है।
पिक्चर का फर्स्ट हाफ काफी बढ़िया है। यहां चीजें जल्दी-जल्दी होती हैं। केस आपकी समझ में आता है और टेंशन को आप महसूस कर सकते हैं। इसी हिस्से में पाकिस्तान के प्रॉसिक्यूटर चौधरी जुल्फिकार अली के रोल में जयदीप अहलावत भी दिखते हैं। उनका काम और अपने किरदार पर पकड़ बेहतरीन है।
जुल्फिकार और निकम के बीच की दोस्ती देखने सही में काफी रिफ्रेशिंग है। दोनों के बीच की बातचीत और एक दूसरे का कोर्ट में सामना करने वाले सीन बहुत अच्छे से फिल्माए गए हैं।
यह भी पढ़ें: शादी नहीं, लेकिन बच्चा चाहते हैं सलमान खान, बोले- यह मेरा फैसला है
लेकिन पिक्चर का सेकेंड हाफ इसकी कमजोरी है। यहां चीजें धीमी हो जाती हैं। पिक्चर की रफ्तार के धीमी पड़ने के साथ-साथ कसाब के केस और निकम की पर्सनल लाइफ का स्ट्रगल भी खिंचा हुआ लगता है। ‘प्रहार’ के बेस्ट सीन्स में से एक है कोमल अहिरकर (दियोर वर्गेसे Diorr Varghese) का कोर्ट में अपनी आपबीती बताना। इस 10 साल की बच्ची का खून रेलवे स्टेशन पर खून-खराबे के बीच कसाब के हाथों हुआ था। अपने छोटे से रोल में नन्ही दियोर ने बड़ी छाप छोड़ी है। उनकी परफॉरमेंस बेहतरीन है।
परफॉरमेंस
राजकुमार राव बॉलीवुड के कमाल के एक्टर्स में से एक हैं और इस बात पर शक करने का कोई मौका वो हमें नहीं देते। उज्जल निकम के रोल में भी उन्होंने लाजवाब काम किया है। बहुत-से पल ऐसे आते हैं, जिनमें आप उन्हें उनके किरदार से अलग नहीं देख पाते। निकम की पत्नी के रोल में वामिका गब्बी का काम बहुत अच्छा है। एक उम्रदराज महिला की बॉडी लैंग्वेज को उन्होंने अच्छे से पकड़ा है।
अजमल कसाब के रोल में एक्टर ललित प्रभाकर दमदार हैं। कसाब के झूठ बोलने से लेकर अपनी मेंटल हेल्थ के साथ स्ट्रगल करने और कोर्ट में लोगों को डराने वाले एक्सप्रेशन देने तक उन्होंने काफी बारीकियों को अच्छे से पकड़ा है। वकील काजमी का किरदार सिकंदर खेर ने पूरी ईमानदारी के साथ निभाया है। तो वहीं आशीष विद्यार्थी भी जज के रोल में कमाल हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी नागरिकता के कारण मुश्किल में पड़े इमरान खान, कभी कर रहे थे भारतीय पासपोर्ट पाने की कोशिश
कुल-मिलाकर ये फिल्म आपको एक जरूरी वक्त में लेकर जाती है। उज्जल निकम की न्याय को लेकर लड़ाई को दिखाती है। कोर्टरूम ड्रामा और परिवार की परेशानियों के बीच ढीली पड़ती है, मगर फिर भी देखना जरूरी है।
