एक्ट्रेस पूजा भट्ट ने हाल ही में खुलासा किया कि उनकी डेब्यू फिल्म ‘डैडी’ उन्हें लॉन्च करने के उद्देश्य से नहीं बनाई गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि पहली फिल्म के बाद उन्होंने तय कर लिया था कि वह फिल्मों में करियर नहीं बनाएंगी। यही वजह थी कि जब परिवार ने उन्हें ‘आशिकी’ करने का प्रस्ताव दिया तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। इसके पीछे का कारण था उनका बॉयफ्रेंड।
साइरस ब्रोचा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान पूजा भट्ट ने कहा, “मेरी पहली फिल्म मुझे लॉन्च करने के लिए नहीं बनाई गई थी। मेरे पिता ने मुझसे कहा कि उनके पास एक कहानी है, जिसमें 17 साल की लड़की मुख्य किरदार है और उस समय मेरी उम्र भी 17 साल थी। उन्होंने कहा कि मैं इस भूमिका के लिए बिल्कुल सही रहूंगी और पूछा कि क्या मैं यह फिल्म करना चाहूंगी। मैंने उनसे कहा कि मुझे इस बारे में सोचने दीजिए।”
पूजा ने बताया कि उन्हें शुरुआत से ही पता था कि फिल्म इंडस्ट्री आसान जगह नहीं है। उन्होंने कुछ समय के लिए आर्किटेक्ट बनने के बारे में भी सोचा था और यहां तक कि अंतरिक्ष यात्री (एस्ट्रोनॉट) बनने का सपना भी देखा था।
महेश भट्ट ने फैसला लेने के लिए दिए थे 24 घंटे
महेश भट्ट ने पूजा भट्ट को ‘डैडी’ करने के बारे में सोचने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय दिया था। जब 24 घंटे बाद उन्होंने दोबारा पूजा से बात की, तो कहा कि अगर वह यह फिल्म नहीं करना चाहतीं, तो इस भूमिका के लिए वह डिंपल कपाड़िया की बेटी ट्विंकल खन्ना से संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: पूजा भट्ट का खुलासा- सोनी राजदान को सताता था महेश भट्ट की शादी तोड़ने का दुख
यह सुनते ही पूजा भट्ट ने तुरंत फिल्म करने के लिए हामी भर दी। इस घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा, “उन्होंने मुझसे कहा, ‘तो तुम अभिनय नहीं करना चाहतीं, लेकिन यह भी नहीं चाहतीं कि यह भूमिका किसी और को मिले। तुम इसी इंडस्ट्री के लिए बनी हो।’ इसके बाद मैंने फिल्म करने का फैसला कर लिया।”
पूजा भट्ट ने बताया कि फिल्म ‘डैडी’ की शूटिंग शुरू होने से पहले महेश भट्ट ने उन्हें साफ कह दिया था कि अगर उनकी एक्टिंग अच्छी नहीं रही, तो उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया जाएगा।
पूजा के मुताबिक, महेश भट्ट ने उनकी डायलॉग डिलीवरी की तैयारी जरूर देखी थी, लेकिन उन्होंने समझाया कि सेट पर अभिनय करना बिल्कुल अलग होता है। अगर वहां वह अच्छा नहीं कर पातीं, तो उन्हें हटाने में कोई हिचकिचाहट नहीं होगी।
बॉयफ्रेंड की वजह से ठुकराई थी ‘आशिकी’
पूजा ने बताया कि ‘डैडी’ के बाद उन्हें ‘आशिकी’ में मुख्य भूमिका का ऑफर मिला था। उनके चाचा मुकेश भट्ट साइनिंग अमाउंट लेकर भी घर पहुंचे, लेकिन उन्होंने फिल्म करने से मना कर दिया।
उस समय पूजा अपने बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते में थीं और उन्हें लगता था कि वह नहीं चाहते कि उनकी गर्लफ्रेंड अभिनेत्री बने। इसलिए उन्होंने खुद ही फिल्मों से दूरी बनाने का फैसला कर लिया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके बॉयफ्रेंड ने कभी सीधे तौर पर अभिनय छोड़ने के लिए नहीं कहा था।
‘बेटी पागल हो गई है’
जब पूजा ने ‘आशिकी’ करने से इनकार किया, तो मुकेश भट्ट ने महेश भट्ट को फोन कर कहा, “बेटी पागल हो गई है, फिल्म को मना कर रही है।” पूजा ने बताया कि जब उनकी महेश भट्ट से बात हुई, तो फोन पर कुछ देर तक सिर्फ उनकी गहरी सांसों की आवाज सुनाई दे रही थी। वह बेहद नाराज थे। उन्होंने कहा, “तुम अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती कर रही हो।”
इतना ही नहीं, महेश भट्ट ने करीब दो हफ्ते तक पूजा से बात भी नहीं की। बाद में जब पूजा ‘आशिकी’ के सेट पर गईं, तो उनका मन बदल गया। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में लौटने का फैसला किया और आमिर खान के साथ फिल्म ‘दिल है कि मानता नहीं’ में काम किया।
