अभिनेता और लेखक पीयूष मिश्रा झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन में शामिल होने पहुंचे। जहां उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के एक पुराने बयान पर तीखा पलटवार किया है। रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचे पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह के उस बयान का जिक्र किया,जिसमें उन्होंने छात्रों के समर्थन में आवाज नहीं उठाने वाले फिल्मी सितारों पर तंज कसते हुए मुंह में हड्डी होने की बात कही थी।
पीयूष मिश्रा रविवार को रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने छात्रों के आंदोलन के प्रति समर्थन जताया और मीडिया से बातचीत में नसीरुद्दीन शाह के बयान पर अपनी बात रखी।
मीडिया से बात करते हुए, पियुष मिश्रा ने कहा, “नसीर साहब, आपने CJP प्रोटेस्ट के दौरान कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग छात्रों के लिए नहीं बोल रहे हैं जो जंतर मंतर पर प्रोटेस्ट कर रहे हैं। आपने कहा था कुछ लोगों के मुंह में हड्डी है, इसलिए वे भौंक नहीं सकते, पूरी इज्जत के साथ, मैं आपसे पूछना चाहूंगा कि बाकी कुत्ते कहां हैं, जो बोल नहीं सकते?
पीयूष मिश्रा ने हालांकि इस दौरान नसीरुद्दीन शाह के प्रति सम्मान भी जाहिर किया। उन्होंने कहा कि वह नसीर साहब का बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन अब उनके सामने डरने का मन नहीं करता।
दिल्ली में स्टूडेंट प्रोटेस्ट को लेकर कही ये बात
पीयूष मिश्रा ने दिल्ली और मुंबई में NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शनों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां प्रदर्शन करने वाले कुछ लोग ‘पिज्जा और बर्गर’ खाते थे, जबकि झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्र कठिन परिस्थितियों में अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दिल्ली और मुंबई के प्रदर्शनों में शामिल लोग इसलिए चुप रहे क्योंकि वे पिज्जा-बर्गर का इंतजार कर रहे थे या फिर इसलिए क्योंकि वे एक खास वर्ग से जुड़े हुए थे।
नसीरुद्दीन शाह ने क्या कहा था?
दरअसल, कुछ दिन पहले नसीरुद्दीन शाह से ‘द वायर’ ने बात करते हुए पूछा कि कई बड़े सितारे इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं, तो अभिनेता ने अपने खास अंदाज मजाक-मजाक में उन सेलेब्स पर निशाना साधते हुए कहा, “वे तब बोलेंगे जब उनका जमीर उनसे ऐसा करने को कहेगा। एक कहावत है- जिस कुत्ते के मुंह में हड्डी हो वह भौंक नहीं सकता। जैसे ही हड्डी उनके मुंह से गिरेगी या उनके दांत टूटेंगे, तब वे भौंकेंगे।”
नसीरुद्दीन शाह ने एक कहावत का हवाला देते हुए कहा था कि जिस कुत्ते के मुंह में हड्डी होती है, वह भौंक नहीं सकता। उनके मुताबिक, जब वह हड्डी उसके मुंह से गिर जाती है या उसके दांत टूट जाते हैं, तभी वह भौंकना शुरू करता है। इसी बयान को लेकर अब पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह से सवाल किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
